गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानीराम रेलवे क्रॉसिंग के पास आज सुबह लगभग आठ बजे चिउटहा की तरफ से आ रहे पानी वाले टैंकर का ब्रेक फेल हो जाने के कारण मानीराम का बंद रेलवे गेट टूट गया। इस हादसे में साइकिल सवार मजदूर बुरी तरह से घायल हो गया।
घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया। रेलवे गेट टूटने के कारण ट्रेनों का आवागमन पूर्ण रूप से बाधित हो गया। इसमें 12572 हमसफर , 55044 नौतनवा गोरखपुर , 75002 गोंडा गोरखपुर , 75013 गोरखपुर नौतनवा को आउटर पर लगभग डेढ़ घंटे तक खड़ा करना पड़ा।
टैंकर के ड्राइवर दूधनाथ, पुत्र घूर्विल निवासी आजमगढ़ ने बताया की टैंकर सिद्धार्थ कंस्ट्रक्शन का है जिसका नंबर यू.पी.34 सी 7645 है। ड्राइवर ने बताया कि यहां बन रहे फोरलेन पर पानी गिराने का चल रहा था।
मोहरीपुर प्लांट पर पानी भरने जा रहे थे कि मानीराम के पास अचानक ब्रेक फेल हो गया। बायीं ओर बहुत भीड़ होने के कारण दाहिनी तरह गाड़ी मोड़ कर बैरियर की तरफ जाना पड़ा और हादसा हो गया।
घायल मजदूर अमर सिंह पुत्र अगर्दी ने कहा कि वह स्टेशन स्थित मालगोदाम पर काम करता है। उसने बताया कि क्रॉसिंग के बैरियर के टूट जाने के कारण गोरखपुर सोनौली राजमार्ग पर भी लंबा जाम लग गया।
आरपीएफ द्वारा क्रेन के माध्यम से टैंकर को किनारे किया गया। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि ड्राइवर ने अपनी सूझबूझ से कई लोगों की जान बचा ली।