बस्ती शहर के बीचोबीच स्थित एपीएन पीजी कॉलेज के सामने मंगलवार दोपहर बाइक सवार हमलावर ने 25 वर्षीय प्रापर्टी डीलर अनित शुक्ल को गोली मार दी। चार बाइक पर सवार होकर आए 10 हमलावरों में से एक ने घटना को अंजाम दिया। फायरिंग के बाद कुछ दूर खड़े साथी बाइक लेकर पहुंचे, जिस पर सवार होकर सभी कंपनी बाग की तरफ भाग निकले। उनमें एक पैदल ही पक्के की तरफ भागा।
वारदात होते ही कुछ छात्रों ने अनित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। शरीर से गोली नहीं निकाली जा सकी है। हालत बिगड़ते देख मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया जहां अल्ट्रासाउंड कराया जा रहा। कोतवाली क्षेत्र के तुरकहिया निवासी अनित शुक्ल प्रापर्टी डीलर का काम करता है साथ ही उसकी कुछ छात्रनेताओं के साथ घनिष्ठता भी है। अनित के दोस्त ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के गेट के पास एक प्रिंटिंग प्रेस के पास दोनों खड़े थे। तभी गेरुआवस्त्र धारी बदमाश पिस्टल लहराते हुए पहुंचा और अनित को नजदीक से गोली मार दी।
उधर, दिन दहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग का पुलिस सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर पहचान करने की कोशिश में लगी है। सीओ सिटी आलोक सिंह के अनुसार पिस्टल चलाने वाले की शिनाख्त लालगंज थाने के कछुआड़ निवासी राजन पाल उर्फ हनुमंत दास के रूप में की गई है। रंजिश के बारे में फिलहाल कुछ भी बताने से पुलिस बच रही है। जिले के सभी थानों के मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग शुरू की गई है, लेकिन शाम तक कोई उपलब्धि हासिल नहीं हुई।