पुलिस कंट्रोल रूम में फिर से एसएमएस सेवा शुरू होगी। आईजी के निरीक्षण के बाद एसएसपी ने सारी कमियों को दूर कर कंट्रोल रूम को ठीक कराने का जिम्मा एसपी (सिटी) को दिया है। पुलिस कंट्रोल रूम को आधुनिक बनाने के लिए एक साल पहले एसएमएस सेवा की शुरुआत हुई थी। सॉफ्टवेयर अपडेट न होने के कारण यह सिस्टम काम नहीं कर रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मैसेज के जरिए एसएसपी, एसपी (सिटी) के साथ ही जिले के सभी एसओ, चौकी प्रभारी को तुरंत देने की पुरानी व्यवस्था फिर से शुरू होगी। प्राइवेट कंपनी की तरफ से एक साल पहले कंट्रोल रूम में लगे बीटी मैसेज सेवा का सॉफ्टवेयर अपडेट कराने का एसएसपी ने निर्देश दिया है। छह महीने से सॉफ्टवेयर अपडेट न होने के कारण यह सिस्टम काम नहीं कर रहा था। बृहस्पतिवार को पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे
आईजी ने इसकी जानकारी होने पर अधिकारियों से सिस्टम ठीक कराने का निर्देश दिया था। शुक्रवार को एसएसपी अनंत देव ने एसपी (सिटी) हेमराज मीणा, रेडियो आरआई से पूरी व्यवस्था की जानकारी ली। एसएसपी अनंत देव ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम की सारी खामी 15 दिन में दूर कर ली जाएगी।
क्या है बीटी एसएमएस सेवा
पुलिस कंट्रोल रूम में इंटरनेट से जुड़े कंप्यूटर में आईजी, डीआईजी, एसएसपी के साथ ही जिले के सभी सीओ, एसओ, चौकी प्रभारी के मोबाइल नंबर फीड हैं। समस्या की शिकायत मिलने पर सिपाही कंप्यूटर में शिकायत का संक्षिप्त विवरण और पीड़ित का मोबाइल नंबर दर्ज करता है, जो एक साथ सभी अफसरों के मोबाइल पर पहुंच जाता है। इसके अलावा जिस क्षेत्र की घटना होती है वहां के एसओ को इसकी जानकारी वायरलेस सेट से दी जाती है।