जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। अब छह और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी गोरखपुर के ही रहने वाले हैं। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी में हुई जांच में पुष्टि के बाद सीएमओ ने सभी प्रभावित इलाकों में फॉगिंग और बचाव कार्य के लिए मातहतों को आदेश जारी कर दिया है। उधर, कमिश्नर ने भी डेंगू मरीजों के इलाज और किए जा रहे उपायों की जानकारी लेने के लिए बुधवार शाम सात बजे बैठक बुलाई है।
बता दें कि जिले में अब तक 46 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। अधिकतर का उपचार प्राइवेट नर्सिंग होम में ही चल रहा है। उधर डेंगू से मरने वालों की संख्या भी पांच जा पहुंची है। स्वास्थ्य अफसर अभी यह दलील दे रहे हैं कि मरने वालों में से किसी को भी डेंगू गोरखपुर में रहने के दौरान नहीं हुआ, मगर इसके लिए किए जा रहे उपाय की जमीनी हकीकत यही है कि लगातार मरीज सामने आ रहे हैं।
दस मरीजों का सैंपल डेंगू के संदेह होने पर लिया गया था, जिसमें से छह में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। नौसढ़ की प्रेमशीला यादव (29), झंगहा के गोविंद (18), इलाहीबाग के अकील अहमद (25), बेलीपार के विकास (17), मोहद्दीपुर की निमिता (18) और बेलीपार के ऋषभ (13) में डेंगू की पुष्टि हुई है। कमिश्नर ने मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जहां उपाए करने का आदेश दिया है वहीं बुधवार को स्वास्थ्य अफसरों की बैठक भी बुलाई है।