महिला सिपाहियों के भर्ती की प्रक्रिया शुक्रवार को समय से शुरू हुआ। सुबह 6:30 बजे से शुरू हुई दौड़ तीन घंटे में पूरी हो गई। बुलाए गए 1000 अभ्यर्थियों में में 787 उपस्थित हुईं जिसमें 652 पास र्हुइं। पहले राउंड के दौड़ में ट्रैक पर गिरने के कारण दो लड़कियों को पैर फैक्चर हो गया, जिन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा दौड़ में शामिल 20 से ज्यादा लड़कियां 2.4 किमी की दौड़ पूरी नहीं कर पाई। शुक्रवार को भर्ती के दूसरे दिन सुबह 6:30 बजे से ही दौड़ शुरू हो गई। पहले राउंड में 200 लड़कियों को दौड़ाया गया।
400 मीटर के ट्रैक पर चल रही दौड़ के आखिरी चक्कर में खोराबार, रजही की रहने वाली पुष्पा निषाद पैर लड़खड़ाने से गिर गई। उसके पीछे दौड़ रही मऊ, मधुवन के कुंचाई की रहने वाली वंदना शर्मा भी लड़खड़ा कर गिर पड़ी। घटना में दोनों के बाएं पैर में चोट लग गया। घायल होने के बाद भी दोनों ने दौड़ पूरी की लेकिन 16 मिनट से ज्यादा समय लगने के कारण फेल हो गई।
दौड़ पूरी होने के बाद वंदना को लेकर परिवार के लोग प्राइवेट अस्पताल ले गए जहां पैर फैक्चर होने की जानकारी होने पर मऊ लेकर चले गए। पुष्पा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। एक्सरे में उसके भी बाएं पैर में फैक्चर होने की जानकारी मिली।
दूसरे दिन की दौड़ सुबह 9:30 बजे ही खत्म हो गई। भर्ती में आई 20 से ज्यादा लड़कियां 2.4 किमी की दौड़ पूरी नहीं कर पाई। चक्कर आने और पेट में दर्द के कारण उन्होंने बीच में ही ट्रैक छोड़ दिया। भर्ती के नोडल अधिकारी एसपी यातायात डॉ. श्रीप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि शनिवार को दौड़ के लिए 1200 लड़कियों को बुलाया गया है।
अकेली दौड़ी और पास हो गई
पूजा नामक महिला अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होने साढ़े आठ बजे के करीब मैदान में पहुंची। तब तक दौड़ पूरी हो चुकी थी। अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए दौड़ की गुजारिश की। पूजा के उपस्थित होने पर अधिकारियों ने उसे दौड़ में शामिल कर लिया। पूजा अकेली ही दौड़ी और दौड़ की परीक्षा पास भी कर ली।