नगर निगम को बनाएं आत्मनिर्भर, अवैध कब्जा हटाकर उन्हें व्यावसायिक उपयोग में लाएं
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नगर निगम आमजन की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला होना चाहिए। आम लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए नगर निगम को भी आत्मनिर्भर बनना होगा और स्वयं को व्यावसायिक प्रतिष्ठान के रूप में विकसित करना होगा ताकि वह स्वयं के खर्चे उठाने के साथ आमजन को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा सकें। ऐसे में नगर निगम अपनी जमीनों से अवैध कब्जा हटवाकर उन्हें व्यावसायिक उपयोग में लाया जाए। साथ ही पार्किंग स्थल के रूप में भी विकसित किया जाए। शहर में बनने वाली सड़कों ऐसी हो कि वह 10 से 15 वर्ष तक चलें ताकि गोरखपुर के महानगर वासियों को एहसास हो सके कि वह भी महानगर में रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर के चहुंमुखी विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के बेहतर विकास के लिए जिस भी योजना-परियोजना की जरूरत हो उसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजें। धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन शहरों को स्मार्ट सिटी में शामिल नहीं किया गया है, उसे प्रदेश सरकार स्वयं अपने संसाधनों से स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित कर रही है। इनमें गोरखपुर को भी शामिल किया गया है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके इसके लिए एम्स का निर्माण हो रहा है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ बिहार, नेपाल तक के लोगों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
चिड़ियाघर शुरू होने से गोरखपुर नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा। शहर में स्ट्रीट लाइटों में एलईडी लाइट लगने से बिजली की काफ ी बचत हो रही है। नगर निगम को भी इसका लाभ मिल रहा है। योगी ने नगर निगम के अधिकारियों और जिला प्रशासन को निर्माणाधीन भवन की समयबद्धता और गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
नगर निगम को दी नसीहत, कहा शहर को बनाएं बेहतर, जलभराव से दिलाएं मुक्ति
गोरखपुर। नगर निगम के नए भवन की भूमि पूजन के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को नसीहत भी दी। कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए बेहतर ढंग से काम करें। नगर निगम तथा जिला प्रशासन मिलकर योजना बनाकर गुणवत्ता के साथ काम को पूरा कराएं। साथ ही लोगों से शहर को स्वच्छ रखने में योगदान देने का आह्वान भी किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर का विकास एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें विधायक, पार्षद हीं नही आम नागरिकों को भी इससे जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना है कि हर गरीब का अपना मकान हो इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिया जाए। साथ ही पीएम मोदी ने देश को नई दृष्टि दी है, प्रत्येक नागरिक को विकास की इस प्रक्रिया के साथ जुड़ना होगा। स्वच्छता पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ शरीर का द्योतक है। इसलिए नगर निगम शहर में जल जमाव से निजात, डोर टू डोर कूड़ा एकत्र करने की व्यवस्था को विकसित करे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण के कार्यों में भी नगर निगम को जोड़ा जाएगा। इससे नगर निगम को भी लाभ होगा।
इनको मिली आवास की चाबी
मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 12 लाभार्थियों को आवासों की चाबी सौंपी। इनमें धर्मावती देवी, सरिता देवी, ताहिरा खातून, आलम, इंदु देवी, कविता देवी, झीनकी देवी, खेदनी देवी, माया देवी, रामसागर, राधा देवी और फूलमती देवी शामिल रहीं।
नगर निगम के नए भवन में दिखेगी गोरखपुर की संस्कृति
गोरखपुर। नगर निगम की नई इमारत के डिजाइन में बदलाव होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 122 वर्ष पुराना नगर निगम का भवन नगरीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। लेकिन नया भवन ऐसा होना चाहिए, जिसमें गोरखपुर की संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे। इस नए भवन को वास्तु के हिसाब से बनाया जाए। कहा कि इस नए भवन में सभी जनप्रतिनिधियों एवं यहां से जुड़े अधिकारियों कर्मचारियों के कामकाज के लिए पर्याप्त स्थान होगा।
म्यूजियम में तब्दील होगा नगर निगम का पुराना भवन
गोरखपुर। नगर निगम का पुराना भवन म्यूजियम के रूप में तब्दील होगा। मुख्यमंत्री ने कहा नगर निगम का 122 साल पुराना भवन वास्तुकला का नमूना है। वहीं गोरखपुर नगर निगम ने नगरीय निकाय से लेकर नगर निगम बनने तक का सफ र तय किया है, इसमें अनेक विभूतियों ने अपना योगदान दिया है। इन सभी को ध्यान में रखते हुए उनके योगदान का वर्णन एवं गोरखपुर के विकास की गाथा को इस म्यूजियम के माध्यम से प्रदर्शित की जाए।
प्रदेश भर में चलेंगी 700 इलेक्ट्रिक बसें
गोरखपुर। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 700 इलेक्ट्रिक बसों की खरीदारी की है। जल्द ही इलेक्ट्रानिक बसें चलने लगेंगी। इससे प्रदूषण में काफ ी कमी होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश के उत्तम प्रदेशों में शामिल हो रहा है। आज कई परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है। नगर निगम कार्यालय नए भवन में सुव्यवस्थित कार्यालय के साथ-साथ सभी के बैठने आदि की व्यवस्था रहेगी। इस मौके पर मेयर सीताराम जायसवाल, नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, ग्रामीण विधायक विपिन सिंह, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक फ तेह बहादुर सिंह, शीतल पांडेय, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष राज्य महिला आयोग अंजू चौधरी, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र शुक्ल, उपसभापति बृजेश सिंह छोटू, ऋषि मोहन वर्मा, मनु जायसवाल, कमिश्नर जयंत नार्लिकर, एडीजी जय नारायण सिंह सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि गण एंव वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।