प्रधानमंत्री की रैली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते डीएम और एसएसपी व सदर सांसद।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए फर्टिलाइजर क्षेत्र के 25 प्वाइंट चुने गए हैं जहां छत पर सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे। शुक्रवार को अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम और एसएसपी अपनी तरफ से तैयार की गई सुरक्षा व्यवस्था की रिपोर्ट एसपीजी के सामने रखेंगे।
फर्टिलाइजर में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर मंथन का दौर जारी है। पूरे परिसर की निगरानी के लिए 25 जगहों को चिन्हित कर छतों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। अधिकारियों के साथ ही खुफिया एजेंसियों ने इन स्थानों का चयन किया है। डीएम ओएन सिंह, एसएसपी रामलाल वर्मा ने शुक्रवार की दोपहर गोरखनाथ मंदिर का भी निरीक्षण किया। साथ ङी महंत आदित्यनाथ से जानकारी ली। गोरखनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री जिन स्थानाें पर जाएंगे, अधिकारियों ने वहां का भी जायजा लिया। महंत आदित्यनाथ के साथ भ्रमण कर पार्किंग के साथ ही सुरक्षा-व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जानकारी दी। दोपहर दो बजे डीएम - एसएसपी अधिकारी फर्टिलाइजर में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
18 को आएगी एसपीजी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा- व्यवस्था देखने एसपीजी की टीम 18 जुलाई को गोरखपुर पहुंचेगी। टीम एयरपोर्ट, गोरखनाथ मंदिर के साथ ही फर्टिलाइजर भी जाएगी। एसएसपी रामलाल ने बताया कि 19 जुलाई तक प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के सुरक्षा - व्यवस्था पूरी कर ली जाएगी।
तीन घंटे शहर में रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 को शहर में करीब तीन घंटे रहेंगे। शुक्रवार की शाम उनके आगमन को लेकर प्रशासन के पास विस्तृत कार्यक्रम आ गया। डीएम ओएन सिंह ने बताया कि वह यहां 10.45 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकाप्टर से 11.10 बजे खाद कारखाना और फिर सड़क मार्ग से 11.25 बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वह मंदिर के कार्यक्रम में 20 मिनट रहेंगे। वहां से 12 बजे दोबारा खाद कारखाना पहुंचेंगे। 12 से 12.10 बजे तक का समय शिलान्यास के लिए सुरक्षित रखा गया है। 12.15 से 1.15 बजे तक जनसभा को संबोधित करेंगे। वहां से 1.50 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 1.55 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।