अपर सत्र न्यायालय ने चरस के साथ पकड़े गए रूसी नागरिक के मामले में सुनवाई करते हुए उसे 10 वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। रूसी नागरिक महराजगंज जेल में बंद है।
न्यायालय में दाखिल पत्रावली के मुताबिक रूसी नागरिक डोनियर विल्डोनों को भारत-नेपाल सीमा पर एक किलो 900 ग्राम चरस के साथ जांच के दौरान पकड़ा गया था।
विल्डोनो रूस के वोस्टोनिया का निवासी है। सोनौली में तत्कालीन चौकी प्रभारी राजप्रकाश सिंह ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामले में सहायक शासकीय अधिवक्ता द्वारा अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष दर्जन भर गवाहों को पेश कर सजा की मांग की गई।
उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर अपर सत्र न्यायाधीश ललित नरायन झा ने अभियुक्त को 10 वर्ष कारावास के साथ एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।