प्रेसीडेंट होटल पर हंगामा करते घर वाले।
- फोटो : Rajesh Kumar
होटल प्रेसीडेंट के प्रबंधक की लखनऊ में हत्या होने के बाद सोमवार देर रात शव गोरखपुर लाया गया। मंगलवार को घरवालों ने शव होटल के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश कर रही थी लेकिन वे होटल मालिक दिलीप के आने और केस दर्ज कराने की मांग कर रहे थे। काफी देर तक हंगामा होने के बाद पुलिस उन्हें वहां से हटा सकी।
तारामंडल इलाके के सुरेंद्र मिश्रा होटल प्रेसीडेंट में मैनेजर के प्रबंधक पद पर कार्यरत थे। घर वालों का कहना है कि मालिक दिलीप यादव का पूरा कामकाज वही देखते थे। दिलीप ने सुरेंद्र को 15 सितंबर को हैदराबाद ले जाने की बात कहते हुए लखनऊ बुलाया था। इसके बाद 17-18 सितंबर की रात गोमती नगर में दिलीप यादव के किराए के मकान में ही सुरेंद्र मिश्रा की हत्या कर दी गई। वहीं सुरेंद्र के साथ गया ड्राइवर शहनवाज कार लेकर गायब है। पुलिस ड्राइवर पर संदेह करते हुए जांच कर रही है। इसी बीच मंगलवार को घर वाले शव लेकर होटल पहुंच गए। घर वालों का कहना है कि होटल मालिक की पारिवारिक रंजिश में सुरेंद्र की हत्या की गई है।
यह है मामला
होटल मालिक दिलीप यादव ने लखनऊ के गोमती नगर में किराए का मकान ले रखा है। वहां मृतक सुरेंद्र मिश्रा और ड्राइवर शहनवाज अक्सर ही रहा करते थे। दिलीप ने रविवार सुबह सुरेंद्र मिश्रा और शहनवाज को कई बार फोन किया, मगर कॉल रिसीव नहीं हुई तो उन्होंने इंदिरानगर में रहने वाले अपने मित्र राकेश सिंह को गोमती नगर भेजा, जिसके बाद सुरेंद्र की हत्या की जानकारी हुई।