खोराबार इलाके में तेज रफ्तार कार ने बच्चे को कुचला
- फोटो : अमर उजाला
इलाके के डुमरी गांव में रविवार सुबह अनियंत्रित टाटा सूमो की चपेट में आकर सड़क किनारे खेल रहे छात्र विशाल (12) की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। बाद में मौका देखकर चालक फरार हो गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने टाटा सूमो को कब्जे में लेकर फरार चालक के एक स्थानीय रिश्तेदार को हिरासत में लिया है। आरोप है कि रिश्तेदार ने ही चालक को फरार होने में मदद की है।
डुमरी का विशाल पास के ही एक स्कूल में तीसरी का छात्र है। वह रविवार की सुबह करीब दस बजे सड़क किनारे खेल रहा था। इस दौरान मिर्जापुर की ओर से आ रही टाटा सूमो ने उसे कुचल दिया। ठोकर से छात्र कुछ ऊंचाई तक उछल कर सड़क पर गिर गया और उसके सिर में चोट लग गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार टाटा सूमो अयोध्या जिले के किसी व्यक्ति की है और उसे मिर्जापुर निवासी एक युवक चलाता है। टाटा सूमो एक प्राइवेट स्कूल के बच्चों को घर ले आती है और ले जाती है।
...
तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था छात्र
छात्र विशाल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। बड़ा भाई विपिन (15) और सबसे छोटी बहन जूली (8) भी पास के ही स्कूल में पढ़ती है। उसके पिता प्रेमचंद पेंट पालिश का काम करते हैं और वे इस समय बंगलूरू में हैं। मौत की खबर मिलते ही छात्र की मां जानकी रो-रोकर अचेत हो गईं।