अभिनेत्री रवीना टंडन ने आतंकवाद के खिलाफ भारतीय स्ट्रेटजी की सराहना करते हुए कलाकारों से अपील की है कि वे पाकिस्तान के मुद्दे पर पीएम नरेंद्र मोदी का साथ दें। हालांकि जब रवीना से सलमान खान और पाक कलाकारों के भारत आने की अनुमति के विषय पर चर्चा की गई तो उन्होंने ‘नो कमेंट’ कहकर किनारा कर लिया।
एक व्यावसायिक कार्यक्रम के सिलसिले में रविवार को गोरखपुर पहुंचीं रवीना ने संवाददाताओं से बातचीत में मोदी के स्वच्छता अभियान की भी चर्चा की तो सफाई के प्रति आम जागरूकता की कमी पर अफसोस भी जताया। गोरखपुर शहर से खुद को जोड़ते हुए रवीना ने याद दिलाया कि वह शहर के डॉ. विजाहत करीम की बनाई फिल्म ‘सोच’ में काम कर चुकी हैं। कहा, यह शहर मेरे लिए नया नहीं है। फिल्मों से उनकी दूरी के सवाल को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि उनकी आगामी फिल्मों में ‘मातृ द मदर’ और ‘शब’ फ्लोर पर हैं। कुछ समय पहले एक और फिल्म साइन की है।
खुद की पसंदीदा फिल्म के सवाल पर रवीना ने बेहिचक मुकुल आनंद की फिल्म ‘दस’ का नाम लिया, जो उनके निधन की वजह से पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि ‘दस’ पूरी न हो पाने का मलाल जीवन भर रहेगा। हीरोइन न होतीं तो क्या होतीं के सवाल पर मुस्कुराते हुए कहा कि फिल्मों में न होतीं तो पुलिस इंस्पेक्टर या सैनिक बनती। करिअर प्लानिंग के दौरान पायलट की परीक्षा भी पास की थी।