रूसी नागरिक को 10 वर्ष की सजा
महराजगंज। अपर सत्र न्यायालय ने चरस के साथ पकड़े गए रूसी नागरिक को 10 वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। महराजगंज जेल में बंद इस विदेशी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
न्यायालय में दाखिल पत्रावली के मुताबिक रूसी नागरिक डोनियर विल्डोनो को भारत-नेपाल सीमा पर एक किलो 900 ग्राम चरस केे साथ पकड़ा गया था। विल्डोनो रूस के वोस्टोनिया का निवासी है। उसे नवंबर 2016 में गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2017 में उसके खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी। गिरफ्तारी के बाद सोनौली में तत्कालीन चौकी प्रभारी राजप्रकाश सिंह ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले की सुनवाई के दौरान सहायक शासकीय अधिवक्ता द्वारा अपर सत्र न्यायाधीश के समक्ष दर्जन भर गवाह पेश किए गए। उपलब्ध साक्ष्य के आधार पर अपर सत्र न्यायाधीश ललित नरायन झा ने अभियुक्त को 10 वर्ष कारावास की सजा सुनाई।