रामगढ़ ताल में बोटिंग करते लोग।
- फोटो : amar ujala
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सर्किटहाउस के समीप करीब सात एकड़ में बने रामगढ़ टूरिस्ट बंगले को पर्यटन विभाग अब लीज पर देने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उद्यमियों से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव के लिए पहले फरवरी तक का समय दिया गया था। अब इसे 20 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। विभाग भवन की मरम्मत के लिए 6.25 करोड़ तथा किराए के लिए 30 लाख रुपये मांग रहा है।
रामगढ़ पर्यटक आवास सर्किट हाउस जाने वाले रोड पर स्थित है। यह सात एकड़ के क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसके अंदर 36 कमरे हैं। मीटिंग हाल और खाने के लिए रेस्टोरेंट भी बना हुआ है। इसका उदघाटन 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने किया था। 2004 में इस आवास को सरकार ने पर्यटन विकास निगम को सौंप दिया, लेकिन वह इसे ठीक से संचालित नहीं कर सका। तब से कई बार इसे निजी हाथों में देने का प्रयास किया जा रहा है।
एक बार फिर अब इसके लिए नए सिरे से कवायद शुरू की गई है, जिसके तहत बंगले को लीज पर देने के लिए पर्यटन निदेशालय ने उद्यमियों से प्रस्ताव मांगा है। विभागीय जानकारी के मुताबिक, पहले जिन उद्यमियों ने प्रस्ताव दिया था, उनसे 15 फरवरी को निदेशालय में हुई बैठक में भवन की मरम्मत के लिए सवा छह करोड़ और सालाना किराए के लिए 30 लाख रुपये की मांग की गई।
बैठक के दौरान पर्यटन विभाग ने कहा कि पर्यटक आवास को 30 साल के लीज पर दिया जाएगा। इस कारण बैठक में बात नहीं बन पाई तो अब नए सिरे से फिर इसकी कवायद हो रही है। प्रस्ताव लेने की तय सीमा बीतने के बाद होने वाली बैठक में तय होगा कि कौन उद्यमी इसे लेने को तैयार है। वैसे कहा जा रहा है कि इस तरह का प्रयास पहले भी हुआ था, तब भी बात नहीं बन पाई थी, पर अबकी बार विभाग इसे लेकर काफी गंभीर है।
रामगढ़ पर्यटक आवास को लीज पर देने की कवायद हो रही है। इसके लिए उद्यमियों से प्रस्ताव मांगा गया है। इस पर जो कुछ भी निर्णय होगा, वह पर्यटन निदेशालय लखनऊ से होगा। स्थानीय स्तर पर किसी की कोई भूमिका नहीं है।
- राजेंद्र कुमार रावत, मंडलीय पर्यटन अधिकारी