जाली टिकट की आशंका में दो रेल यात्रियों की ईएफटी सीज
गोरखपुर। नई दिल्ली से गोरखपुर आ रही वैशाली एक्सप्रेस (12554) से गोरखपुर पहुंचे दो रेल यात्रियों की ईएफटी (एक्चुअल फेयर टिकट) नकली होने की आशंका में सीज कर दी गई। इंस्पेक्टर विजिलेंस ने दोनों यात्रियों का आधार, मोबाइल, पता और बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया।
शुक्रवार को दो यात्री ईएफटी से वैशाली एक्सप्रेस से गोरखपुर पहुंचे। टिकट कलेक्टर दिलीप कुमार ने दोनों का टिकट मांगा तो दोनों ने ईएफटी पकड़ाया। उसपर यात्रा की तिथि, टिकट का मूल्य और टिकट जारी होने का स्टेशन अपठनीय था। इसके अलावा यात्री का वाटर मार्क (यात्री की पहचान का नंबर) भी पढ़ने में नहीं आ रहा था।
टिकट पर शक होने पर उन्होंने विजिलेंस को सूचना दी। विजिलेंस के इस्पेक्टर बीके गुप्ता मौके पर पहुंचे और टिकट की जांच की तो उन्हें भी शंका हुई। उन्होंने दोनों यात्रियों का बयान दर्ज किया और दोनों का आधार व मोबाइल नंबर के साथ पता दर्ज करने के बाद छोड़ दिया।