एमएमएमयूटी में अब चलेगी जीरो ऑवर क्लास
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय तकनीकी विश्वविद्यालय में अब जीरो ऑवर क्लास भी चलेगी। यह उनके लिए है जिन्हें पिछली परीक्षा में बैक पेपर मिला है अथवा वह फेल हो गए हैं। यह कक्षाएं एमएमएमयूटी की कक्षाओं के समय सारिणी से पूर्व सुबह नौ बजे तक व शाम को विवि की कक्षाएं समाप्त होने के बाद पांच बजे से चलेंगी।
इसमें कक्षा लेने वालों को प्रति घंटे की हिसाब से 450 रुपये फीस चुकानी होगी। यह निर्णय विवि की प्रबंध बोर्ड ने लिया है। अब फेल या बैकपेपर वाले छात्र नियमित कक्षाओं में पढ़ाई नहीं कर सकेंगे। पहले यह छात्र भी नियमित कोर्स की कक्षाओं में बैठते थे, जिससे कई तरह की दिक्कतें होती थीं। इसलिए यह विषय कुलपति के निर्देश पर प्रबंध बोर्ड में रखा गया था। इसके अलावा विवि ने एक और अहम निर्णय लिया है जिसके तहत कोर्स पूरा करने के बाद समर टर्म या बैक पेपर आदि के लिए कैंपस में पढ़ाई करने वालों को अब सेमेस्टर की आधी फीस जमा करनी होगी। दरअसल कोर्स पूरा करने के बाद बैक पेपर देने या समर टर्म पूरा करने के नाम पर कुछ छात्र कैंपस में रह रहे थे। उनसे अलग से फीस नहीं ली जाती थी। कुलपति प्रो. एसएन सिंह ने बताया कि बोर्ड के फैसलेे से तमाम तरह की समस्याओं से निजात मिलेगी।