शहर के अलग-अलग चर्च में प्रभु यीशु के जन्म को लेकर रोजाना कैरल सिंगिंग, कैंडल सर्विस सहित विविध कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। इसके साथ ही चर्चों को क्रिसमस के लिए तैयार करने का काम भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर में रंग-रोगन का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया। साथ ही क्रिसमस क्वार्डिनेटर तय करके नववर्ष तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए जिम्मेदारियां भी बांट दी गईं।
विश्वासियों की टोली सुबह से ही चर्च के रंग रोगन में जुट गई। निर्मल नाथनियाल, नितेश सैमुअल, संतोष नाथनियाल, ज्वेल निबोल्ड, राजा मसीह, ऋषभ फैलबुस, विशाल बेंजामिन आदि युवाओं की टीम चर्च को क्रिसमस के लिए तैयार करने में जुट गई। रंग रोन के इंचार्ज बनाए गए मोरिस क्लेमेंट ने बताया कि काम तेजी से निपटाया जाएगा। रेव्ह संजय विन्सेंट ने बताया कि पर्व के उपलक्ष्य में एक जनवरी तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए इनके लिए क्रिसमस क्वॉर्डिनेटर भी चुन लिए गए हैं। इस बार क्वार्डिनेटर बनाए गए धर्मवीर हाबिल, ज्योत्सना कश्यप, ग्लैडविन दान और सुजैन जोशुआ कार्यक्रमों की जिम्मेदारी उठाएंगे।
सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर में कार्यक्रमों की रूपरेखा
10 दिसंबर : आमद के दूसरे इतवार पर प्रवचन एवं मिड नाइट सर्विस
17 दिसंबर : आमद के तीसरे इतवार पर प्रवचन, संडे स्कूल क्रिसमस ट्री का आयोजन
18 दिसंबर : वूमेन फेलोशिप क्रिश्चियन सोसायटी की ओर से क्रिसमस ट्री का आयोजन
20 दिसंबर : यूथ फेलोशिप क्रिश्चियन सोसायटी की ओर से क्रिसमस ट्री का आयोजन
22 दिसंबर : कैंडल लाइट सर्विस का आयोजन होगा।
23 दिसंबर : सेंट जांस स्कूल प्ले ग्राउंड पर क्रिसमस ट्री प्रोग्राम
24 दिसंबर : मिड नाइट सर्विस एवं अन्य कार्यक्रमों के जरिए वाच नाइट मनाई जाएगी।
25 दिसंबर : प्रभु यीशु के जन्मदिन पर पूरे दिन चर्च में विविध कार्यक्रम होंगे। इसमें सभी धर्मों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा।
27 दिसंबर : कुष्ठ आश्रम पर रोगियों की सेवा का कार्यक्रम
29 दिसंबर : स्कूल प्ले ग्राउंड पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
31 दिसंबर : मिड नाइट सर्विस
01 जनवरी : नववर्ष पर प्रार्थना, खेल प्रतियोगिता एवं मेले का आयोजन।
पूरब में चमका एक सितारा...
गोरखपुर। सेंट जॉन्स चर्च बशारतपुर की यूनिट ने शुक्रवार शाम छह बजे रेलवे कॉलोनी में कैरल सिंगिंग की। रेव्ह रौशन लाल व मौरिसन डायसन के नेतृत्व में गायन मंडली ने हारमोनियम, ढोलक, झांझ आदि बजाते हुए प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव का गीत गाया। गायक मंडली ने ‘आज हमारे दिल में जन्म लिया प्रभु यीशु..., आया मसीह चरनी मेें तू पापियों को बचाने को..., पूरब में चमका एक सितारा लाया खुशियों का बहार...’ आदि गीतों से क्रिसमस की बधाइयां दीं।