सड़क किनारे कार्टून में मिला कटे हाथ का हिस्सा
जगदीशपुर (गोरखपुर)। पिपराइच इलाके के कोनी तिराहे के पास रविवार की सुबह गत्ते (कार्टून) में मानव का कटा अंग मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार वह दाहिने हाथ का कटा हुआ हिस्सा लग रहा है। पुलिस ने अंग को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार कुछ राहगीर उधर से जा रहे थे। रास्ते में वे सड़क किनारे रुककर किसी से फोन पर बात करने लगे। तभी एक राहगीर ने गत्ते में प्लास्टिक में रखा मानव अंग देखा। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने गत्ते को खोलकर देखा तो उसमें किसी व्यक्ति के दाहिन हाथ का हिस्सा था, जो कि कोहनी से कटा हुआ था।
प्लास्टिक में खून भी लगा था। पुलिस के अनुसार देखने से वह 24 से 48 घंटे पुराना लग रहा है। सूचना पर बाद में थाने पहुंच कर फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। टीम ने कटे हुए हाथ की उंगलियों की माप और फिंगर प्रिंट भी लिया। पुलिस प्रथम दृष्टया यह मान रही है कि वह किसी पुरुष का दाहिना हाथ था। पुलिस का मानना है कि किसी अस्पताल में आपरेशन के दौरान उसे काटा गया हो और किसी ने शरारत करते हुए या लापरवाही के चलते यहां फेेंक दिया हो। वहीं कुछ लोग किसी के साथ अनहोनी की भी आशंका जता रहे थे।
सीओ चौरीचौरा रचना मिश्रा ने कहा कि प्रथम दृष्टया जांच में किसी अस्पताल से सर्जरी के बाद शरीर से काटा गया हिस्सा लग रहा है। फॉरेंसिक टीम ने भी फिंगर प्रिंट आदि लिया है। जांच की जा रही है।