मोहद्दीपुर-जंगल कौड़िया फोरलेन निर्माण के दौरान नाला बनाने के फेर में अटके रेलवे बस स्टेशन के पास प्रस्तावित पिंक टॉयलेट के निर्माण की शुरुआत हो गई है। इसके निर्माण के लिए नगर निगम ने सुलभ इंटरनेशनल से जुलाई में ही करार कर लिया था।
इसी तरह नौकायन केंद्र के पास भी सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू हो गया है। निगम अधिकारी कहते हैं कि सब कुछ पूर्व नियोजित है, चंद दिनों पहले चलाए गए एक अभियान के तहत कुछ लोग इसके निर्माण का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक रेलवे स्टेशन के पास पिंक टॉयलेट निर्माण की योजना करीब छह महीने पहले ही नगर निगम ने तैयार कर ली थी। यह शहर का दूसरा पिंक टॉयलेट होगा। इससे पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर में ही पिंक टॉयलेट का न केवल निर्माण पूरा हो चुका है, बल्कि इसका इस्तेमाल भी हो रहा है।
दूसरे पिंक टॉयलेट के लिए चार जुलाई 2019 को नगर निगम ने सुलभ इंटरनेशनल के साथ इसके निर्माण के लिए करार किया था। इसके तहत रेलवे बस स्टेशन के सामने स्थित सुलभ शौचालय के स्टाफ क्वार्टर के एक हिस्से को तोड़कर इसे पिंक टॉयलेट बनाया जाना था। लेकिन, इसी बीच रेलवे बस स्टेशन के सामने सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ नाला निर्माण का काम शुरू कर दिया गया। इस वजह से निर्माण कार्य तय समय में नहीं हो सका।
नौकायन के पास भी बनेगा सार्वजनिक शौचालय
इसी तरह नौकायन के पास भी एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण प्रस्तावित था। जिसका निर्माण प्रारंभ हो चुका है। इसकी स्वीकृति निगम 15 नवंबर को ही दे चुका था। यह काम भी शुरू हो चुका है। पार्षद रामलवट कहते हैं कि इसके निर्माण से रामगढ़ताल आने वाले पर्यटकों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही इससे स्वच्छता अभियान को भी काफी बल मिलेगा।
- जुलाई में नगर निगम ने पिंक टायलेट के निर्माण का आदेश दिया था, लेकिन नाला निर्माण के कारण इसका निर्माण समय से नहीं हो सका। नाला निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है।
- दिलीप कुमार मिश्रा, गोरखपुर प्रभारी, सुलभ इंटरनेशनल
- करीब 45 लाख रुपये की लागत से नौकायन केंद्र के पास सुलभ शौचालय बनाया जाना है। 15 अक्टूबर 2019 में इसके लिए टेंडर जारी किया गया था।
- रामलवट, पार्षद, गोपलापुर
- नाला निर्माण होने की वजह से रेलवे बस स्टेशन के सामने बन रहे पिंक टॉयलेट के निर्माण में देरी हुई है। नाला निर्माण का काम खत्म हो जाने के बाद अब पिंक टॉयलेट का निर्माण शुरू हुआ है।
- सुरेश चंद, चीफ इंजीनियर नगर निगम