बेलीपार इलाके के बिस्टौली खुर्द में एसबीआई की शाखा न खुलने के विरोध मेें लोगों ने शुक्रवार को गोरखपुर-वाराणसी हाइवे जाम कर दिया। इसके चलते तकरीबन 45 मिनट तक राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शन की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराके आवागमन बहाल कराया।
बेलीपार प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में एसबीआई और पूर्वांचल बैंक की शाखाएं हैं, मगर बीते कई दिनों से दोनों ही बैंकों में रुपये की कमी की वजह से ताला नहीं खुल रहा है। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे ग्राहक बैंक पर पहुंच गए। उन्होंने दो घंटे तक बैंक खुलने का इंतजार किया। इस दौरान किसी ने बताया कि रकम के अभाव में बैंक नहीं खुलेगा तो लोग भड़क गए। उन्होंनेे गोरखापुर-वाराणसी हाइवे जाम कर दिया। रास्ता बंद होने पर दोनों तरफ दो किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर चक्का जाम किया
बांसगांव में पूर्वांचल बैंक की भटवली बाजार शाखा में शुक्रवार को भुगतान को लेकर खाताधारकों ने बैंक के सामने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्का जाम कर धरने पर बैठ गए। इससे करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम के दौरान ग्राम जमौली के राजू यादव के मौके पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचने और जबरिया रास्ता खुलवाने को लेकर बैदौली बाबू के रामप्रवेश सिंह से हाथापाईं शुरू हो गई। इस पर हंगामा शुरू हो गया। 100 नंबर पर सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने रास्ता खुलवाया और दोनों को हिरासत में लेकर शांति भंग में चालान कर दिया। इस मौके पर विकास सिंह, दिनेश सिंह, भीम सिंह, शिवसागर, मीरा, रेनू, सीमा ने बताया कि शुक्रवार को पूरे दिन बैंक नहीं खुला। शादी विवाह के मौके पर लोगों को पैसा न मिल पाने से सभी परेशान हैं।
डाक घरों से लौटाए गए खाताधारक
करेंसी का संकट गहराने के बाद अब डाकघरों से खाताधारक लौटा दिए गए। विभाग के एटीएम पहले से ही खाली चल रहे हैं। ऐसे में रकम की निकासी न होने से खाताधारकों की दिक्कतें बढ़ गईं हैं। हालांकि विभाग की ओर से एसबीआई से करेंसी देने की मांग की गई है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद डाक घरों में नोट खत्म हो गए। विभाग ने खाताधारकों को शुक्रवार को बुलाया। लोग सुबह खाते से रकम निकालने के लिए डाक घर पहुंच गए। प्रधान डाकघर सहित अन्य डाकघरों में नकदी नहीं होने के कारण कर्मचारियों ने खाताधारकों को वापस लौटा दिया। दफ्तर बंद होने तक डाकघरों में एसबीआई से रुपये नहीं मिले। कुछ खाताधारकों ने डाकघर के एटीएम से रुपये निकालने की कोशिश की तो एटीएम खाली मिले। प्रधान डाकघर के सीनियर पोस्ट मास्टर लक्ष्मी नारायण तिवारी ने बताया कि एसबीआई मुख्य ब्रांच से करेंसी की मांग की गई है। एसबीआई ने शुक्रवार तक करेंसी देने का आश्वासन दिया था, मगर दिया नहीं। मजबूरन लोगों को लौटाना पड़ा है।