बाजार में करेंसी का लेनदेन शुरू होने के बाद बैंकों पर कुछ हद तक दबाव कम हुआ है, लेकिन पैसे निकालने की लिमिट तय होने से बैंकों और एटीएम पर नोट निकालने वालों की संख्या अच्छी खासी नजर आई। शुक्रवार को बैंक और एटीएम में करेंसी कम होने से काफी लोगों को निराश लौटना पड़ा। साथ ही 1000 रुपये के नोट पर बाजार में चलन पर पूर्ण पाबंदी के बाद इसका भी असर बैंकों में नजर आया।
शुक्रवार को बैंकों में अन्य दिनों के मुकाबले भीड़ कम थी। अधिकतर बैंकों में करेंसी का संकट था। ऐसे में कई बैंकों में प्रबंधन ने तय सीमा से कम रुपये देकर ग्राहकों को संतुष्ट करने की कोशिश की। कई जगह कैश खत्म होने के चलते लोगों को निराश होना पड़ा। एटीएम भी लोगों को पूरी राहत देने में नाकाम रहे। करेंसी संकट के चलते अधिकतर एटीएम खाली थे। बैंक अपनी व्यवस्था के तहत एटीएम में कैश का इंतजाम करते रहे, लेकिन कैश के लिए एटीएम पर अधिकांश लोगों की निर्भरता के चलते शाम होते-होते शहर के अधिकतर एटीएम खाली हो गए।
रिजर्व बैंक से शुक्रवार को कुछ रकम मिली तो, लेकिन यह एसबीआई की रेलवे शाखा को दे दी गई। इसके अतिरिक्त हमें कोई करेंसी आरबीआई से उपलब्ध नहीं कराई गई। हालांकि पहले से उपलब्ध करेंसी एटीएम में डलवाई गई है। इससे कुछ एटीएम की स्थिति ठीक रहेगी।
- अमर सिंह, एजीएम, स्टेट बैंक
करेंसी का संकट लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को भी रिजर्व बैंक से करेंसी उपलब्ध नहीं कराई गई है। अब सोमवार को रिजर्व बैंक से करेंसी मिलने का इंतजार है।
- पीके गांगुली, चीफ मैनेजर, पंजाब नेशनल बैंक
नहीं स्वीकार किए गए हजार के नोट
जरूरी सेवाओं में गुरुवार तक चलन में रहे हजार के नोट शुक्रवार को नहीं स्वीकार किए गए। पेट्रोल पंपों पर कई लोग हजार के नोट लेकर पहुंचे थे, लेकिन सेल्समैन ने नोट के बदले तेल देने से इन्कार कर दिया। हालांकि, पांच सौ के पुराने नोट चलन में रहे।
किसानों को खोज कर दे रहे ‘उधारी’
नोटबंदी के बाद किसानों को दी गई छूट को भी कई लोग अपने हित में साधने में लग गए हैं। सहकारी दुकानों पर पांच हजार तक की खरीद में पांच सौ के पुराने नोट देने की सहूलियत को भुनाने में कई लोग जुटे हैं। किसानों को ढूंढकर खेती के लिए बिन कहे ही मदद देने की पेशकश दी जा रही है। बदले में सुविधानुसार रकम वापस देने की बात कही जा रही है। कई किसानों को बिना मांगे ही खाद, बीज और खेती के लिए ऐसी उधारी मिली है।
आज और कल बंद रहेंगे बैंक, होगी परेशानी
शनिवार और रविवार के अवकाश की वजह से अब बैंक सोमवार को खुलेंगे। ऐसे में लोगों को दोहरी दिक्कत झेलनी पड़ सकती है। वजह से अधिकांश एटीएम शुक्रवार शाम तक खाली हो गए हैं और आरबीआई से शुक्रवार शाम तक करेंसी नहीं आई थी। ऐसे में अब लोगों को एटीएम से रकम निकालने में भी परेशानी हो सकती है। हालांकि एसबीआई, एचडीएफसी, यूनियन बैंक, इलाहाबाद बैंक के अधिकारियों को कहना है कि एटीएम के लिए अलग से रकम की व्यवस्था की गई है। ऐसे में लोग एटीएम से नोट निकाल सकते हैं।
केंद्रीय संस्थानों को मिली सैलरी के लिए रकम
केंद्रीय संस्थानों को शुक्रवार को एडवांस सैलरी के रूप में रकम दे दी गई है। प्रावधान के अनुसार विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 10-10 हजार रुपये एडवांस दिए जाने हैं। ऐसे में शुक्रवार को इनकम टैक्स, एफसीआई, ईपीएफओ को नकद राशि बैंक द्वारा उपलब्ध करा दी गई।