मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर के आर्थो ओटी में रविवार की रात नर्स की गलती से मरीज को सांसत झेलनी पड़ी। नर्स ने समय से मरीज को पहनने के लिए ड्रेस नहीं दी तो डॉक्टर ने नाराज होकर ऑपरेशन ही टाल दिया। सुबह जानकारी होने के बाद प्रिंसिपल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और कड़ी चेतावनी दी।
रविवार की रात में आर्थो ओटी में एक मरीज का ऑपरेशन होना था। सारी तैयारी पूरी कर ली गई थी और मरीज के जांच भी सामान्य थे। वह ओटी में जाने को तैयार था मगर नर्सों की मनमानी की वजह से उसका ऑपरेशन ही टल गया। कई बार कहने के बावजूद भी मरीज को कपड़ा नहीं दिया गया जिसे पहनकर वह ऑपरेशन रूम में जा सके। देरी होने पर डॉक्टर को भी गुस्सा आ गया और उन्होंने रात में होने वाले ऑपरेशन को ही टाल दिया।
बताया जाता है कि दो अन्य मरीजों का भी ऑपरेशन रात में होना था लेकिन नहीं हो सका। सोमवार की सुबह जब इसकी जानकारी प्रिंसिपल प्रो. राजीव को हुई तो वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और ड्यूटी इंचार्ज को कड़ी चेतावनी दी। प्रिंसिपल ने नर्स के वेतन काटने की चेतावनी दी।