खंभे से टकराई कार, युवक की मौत-एक गंभीर
पिपरौली (गोरखपुर)। गीडा थानाक्षेत्र के नौसड़ स्थित एकड़ंगा गांव के पास शनिवार की दोपहर लखनऊ की ओर से आर रही कार सड़क किनारे स्थित बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे मेें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने गैस कटर से कार के हिस्से को कटवाकर घायल युवक को बाहर निकलवाया और उसे मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार कैंट इलाके के दाउदपुर निवासी बब्लू कुशवाहा (40) कार से लखनऊ की ओर से आ रहे थे। कार में उनके साथ बेलीपार के महाडीह निवासी अमर शुक्ला (30) भी थे। एकडंगा गांव के पास कार बेकाबू हो गई और बिजली के पोल से टकराने के बाद सड़क के किनारे डीसीएम में टकरा गई। कार के परखचे उड़ गए। दुर्घटना में कार चालक बब्लू की तो मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार अमर गंभीर रूप में घायल हो गए। बब्लू की पहचान उनके दामाद पप्पू ने मोबाइल फोन पर की। वहीं घायल की पहचान मेडिकल कॉलेज पहुंचे उसके भाई अंबरिश ने की। बबलू पांच भाइयों में बड़े थे। उसकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो गई है। बबलू के पिता सब्जी की दुकान लगाते हैं।
सरहरी प्रतिनिधि के अनुसार गुलरिहा इलाके के सरहरी निवासी लक्खु की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। वह शुक्रवार की शाम को भोरई गांव के पास गए थे। लौटते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी शनिवार को मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
कसिहार प्रतिनिधि के अनुसार बेलीपार इलाके के बगहा बीर मंदिर के पास शनिवार की दोपहर बनारस की ओर से आ रही आजमगढ़ डिपो की रोडवेज बस और शहर की ओर से जा रही कार आपस में टकरा गई। हादसे में कार में सवार बिलंदपुर निवासी अवकाश प्राप्त चिकित्सक डॉ. आरपी चंद, उनकी पत्नी सावित्री और उनके बेटे अनीश चंद घायल हो गए। डॉक्टर दोहरीघाट के कोठा निवासी अपनी बेटी के घर जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।