मेले में गिरा पाया फोन तो खाते से चार लाख निकाल लिए, गिरफ्तार
गोरखपुर। मेले में गिरे मिले फोन के फोनपे एप को हैक कर खाते से चार लाख रुपये निकालने के आरोपी महराजगंज के गोनहा निवासी अखिलेश कुमार को क्राइम ब्रांच और गुलरिहा पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस लाइंस में सीओ क्राइम प्रवीण सिंह ने बताया कि मूल रूप से गुलरिहा के रहने वाले रामनाथ परिवार समेत बंगलूरू में रहते हैं। 21 अप्रैल को वह परिवार के साथ गुलरिहा के बांसस्थान मेले में आए थे। इस दौरान उनका मोबाइल फोन गिर गया। यह मोबाइल फोन महराजगंज निवासी अखिलेश को मिल गया। अखिलेश ने मोबाइल फोन में मौजूद फोन पे एप का कोड हैक कर अपने एसबीआई व आंध्रा बैंक के खातों में चार लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। उधर जब पीड़ित रामनाथ बंगलूरू पहुंचे तो उन्होेंने गिरे हुए सिम को ब्लॉक कराकर उसी नंबर का नया सिम लिया। सिम को जब उन्होंने अपने नए मोबाइल फोन में लगाया तो रुपये निकलने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने 20 मई को गुलरिहा थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हुई और बुधवार की देर रात आरोपी अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से पीड़ित का मोबाइल फोन सहित दो मोबाइल फोन व सिम बरामद किया है। खाते से निकाले गए रुपये में से कुछ रकम आरोपी ने खर्च कर दिए हैं। वहीं शेष रुपये उसने अब भी खाते में रखे हैं।
अब हो रहा पछतावा, नहीं जाना चाहता जेल
आरोपी अखिलेश ने बताया कि उसे जब मोबाइल फोन गिरा मिला तो उसने उसमें फोन पे एप देखा। उसे खोला और अंदाजा लगाते हुए एक से लेकर चार तक के अंक डाले जिसके बाद एप खुल गया। रुपये उसने लालच में आकर अपने एकाउंट में ट्रांसफर किए थे। अखिलेश के पिता रमेश निषाद किसान हैं और वह महराजगंज के राम रतन महाविद्यालय में स्नातक द्वितीय वर्ष का छात्र है। अखिलेश को इस बात का पछतावा है। उसने बताया कि वह रुपये पीड़ित को लौटाना चाहता है। भावुक होते हुए अखिलेश ने कहा कि मुझे जेल मत भेजिए।