अब परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थियों की हाजिरी ऑनलाइन लगेगी। सुबह विद्यार्थियों की हाजिरी रजिस्टर में बनाने के बाद प्रधानाध्यापक को मोबाइल से मैसेज भी भेजना होगा। यह मैसेज बेसिक शिक्षक विभाग के कंट्रोल रूम के सर्वर से अटैच रहेगा। चेकिंग के समय अधिकारियों की रिपोर्ट का ऑनलाइन हाजिरी से मिलान होगा। इससे गलत ब्योरा पकड़ में आ जाएगा।
प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को लेकर जमकर फर्जीवाड़ा किया जाता है। स्कूल ड्रेस, मिड-डे मील, स्कॉलरशिप के लिए आने वाली रकम छात्र संख्या के आधार पर ही आवंटित होती है। स्कूलों में चेकिंग के दौरान प्रधानाध्यापक और शिक्षकों से विद्यार्थियों की कम मौजूदगी पर स्पष्टीकरण मांगा जाता है लेकिन साक्ष्य के अभाव में कार्रवाई नहीं हो पाती है। विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने एक साफ्टवेयर तैयार किया है। स्कूल से हाजिरी का मैसेज पहुंचते ही साफ्टवेयर में विद्यार्थियों की हाजिरी लग जाएगी।
बीएसए ओम प्रकाश यादव ने बताया कि सभी स्कूलों से शिक्षक, कक्षा, विद्यार्थियों की संख्या का ब्योरा कंप्यूटर में फीड किया जा रहा है। जल्द ही ऑनलाइन हाजिरी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। निरीक्षण रिपोर्ट से मिलान के बाद अगर ब्योरा गलत पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।