यात्रियों के लिए खुला नौसड़ बस स्टेशन
सीएम ने किया लोकार्पण, इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर चलेंगी बसें
जल्द पैडलेगंज पर लगने वाले जाम से भी मिलेगी राहत
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। दो साल के इंतजार के बाद बृहस्पतिवार को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नौसड़ बस स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिया गया। 2.84 करोड़ रुपये से बने बस स्टेशन का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वाराणसी के लिए एक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने परिसर में पौधरोपण भी किया।
यहां से इलाहाबाद, वाराणसी रूट के लिए बसें चलेंगी, जिससे नौसड़, गीडा समेत आसपास के कई क्षेत्र के लोगों को बस पकड़ने शहर में नहीं आना पड़ेगा। स्टेशन से जल्द ही पूरी तरह से बसों का संचलन शुरू हो जाएगा, जिससे अस्थायी तौर पर पैडलेगंज तिराहे से चल रही बसों से लग रहे जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। नौसड़ बस स्टेशन पर यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। आरओ का पानी, टिकट काउंटर, शौचालय आदि की सुविधाओं के साथ ही पूछताछ केंद्र व वेटिंग हाल का भी निर्माण किया गया है। एलईडी स्क्रीन पर बसों के आवागमन की जानकारी मिलती रहेगी। बस स्टेशन का निर्माण कार्य अक्टूबर 2017 में शुरू कर तय समय पर तैयार कर लिया गया।