खतरे में बेटियां, गोरखपुर में भी सुप्रीम दखल की दरकार
बेलीपार में छेड़खानी से आहत छात्रा ने जहर खाया, गंभीर
कसिहार (गोरखपुर)। बेलीपार इलाके में छेड़खानी से आजिज 12वीं की छात्रा ने बृहस्पतिवार की शाम जहर खा लिया। मुंह से झाग आने पर घरवालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने छात्रा को बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। छात्रा ने आत्मघाती कदम उठाने से एक दिन पहले यानी बुधवार को बेलीपार पुलिस को सूचना भी दी थी, लेकिन पुलिस ने वीआईपी ड्यूटी का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। यह पहला मामला नहीं है, छेड़छाड़, दुष्कर्म के ज्यादातर मामलों में पुलिस का रवैया शोहदों का मन बढ़ा रहा है, नतीजा ऐसी घटनाएं पूरे संभाग में उफान पर हैं।
जानक ारी के मुताबिक बुधवार को ही परेशान पिता ने आरोपी पर कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी थी। आरोप है कि एक तरफा प्यार में डूबे गिरिजेश यादव ने बृहस्पतिवार को कॉलेज से लौटने के दौरान रास्ते में ही छात्रा का रास्ता रोक लिया और जबरन मोबाइल थमाने की कोशिश की। छात्रा ने इंकार किया तो उसे जान से मारने तक की धमकी दी। डरी सहमी छात्रा ने मोबाइल तो ले लिया, लेकिन वह मन से टूट गई। घर आते ही बिलख कर रोने लगी। घरवाले समझाने की कोशिश करने लगे। इसके बाद आहत छात्रा अपने कमरे में चली गई। थोड़ी देर बाद उसका भाई गया तो देखा कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। उसने तत्काल पिता को जानकारी दी और बहन को लेकर जिला अस्पताल आ गया। डॉक्टरों ने जहर खाने की पुष्टि की और इलाज भी शुरू किया, लेकिन सेहत में सुधार ना होने पर तत्काल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां पर उसका उपचार चल रहा है।
---
खुली पोल तो पुलिस ने बढ़ाई सामूहिक दुष्कर्म की धारा
उरुवा/कुईं बाजार। उरुवा इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की पीड़ित किशोरी मजिस्ट्रेट के सामने आपबीती बताते हुए फफक पड़ी। बयान के बाद मजिस्ट्रेट की सख्ती पर लीपापोती करने वाली पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, मारपीट और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है।