इलाके के रामपुर में घर में लाइसेंसी बंदूक से गोली दगने से एनआईटी (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) पटना के छात्र युवराज राणा (22) की मौत हो गई।
घरवालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मौत की खबर पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी है। आत्महत्या या हत्या के बीच पुलिस उलझी है।
घटना शाम करीब छह बजे के करीब हुई। पिता कोलई प्रसाद कपड़ा सिलाई का काम करते है और घर में ही दुकान है। घरवालों के मुताबिक शाम छह बजे के करीब वह कमरे में अकेले मौजूद था और इसी दौरान गोली चलने की आवाज आई।
गोली चलने की आवाज सुनते ही घर के अन्य सदस्य दौड़कर कमरे में गए तो उसने खुद को गोली मार ली थी। खून से लतपत युवराज को घरवाले लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवराज एनआईटी पटना का छात्र था और मंगलवार को ही घर लौटा था। बुधवार की शाम उसकी मौत की खबर आई।
तीन भाई में दूसरे नंबर का था युवराज
युवराज तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़े बृजराज राना प्राइवेट नौकरी करते है और सबसे छोटा भाई धर्मराज गोरखपुर यूनिवर्सिटी से पढ़ाई कर रहा था। एक बहन भी है जो बीटेक कर रही है।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
सीमा विवाद में खोराबार और रामगढ़ताल पुलिस उलझी हुई थी। बाद में रामगढ़ताल थाना प्रभारी राणा देवेंद्र सिंह, एसएसआई सूरज सिंह मौके पर पहुंचे थे लेकिन खोराबार पुलिस देर रात तक मौके पर नहीं पहुंची थी।
लाइसेंसी बंदूक से गोली लगने से छात्र की मौत हुई है। गोली कैसे चली है इसकी जांच की जा रही है। अभी एक दिन पहले ही वह पटना से घर लौटा था। पुलिस हर बिंदु की पड़ताल कर रही है। बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है।
-डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी