पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने कैंट स्टेशन से छपरा स्टेशन तक रेलवे ट्रैक और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बेहतर कार्य के लिए पुरस्कृत किया तो वहीं यात्री सुविधाओं में कमी पर नाराजगी भी जताई और सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान चौरीचौरा में आदर्श स्टेशन का लोकार्पण भी किया।
महाप्रबंधक ने कैंट स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का निर्देश दिया। चौरीचौरा एवं गौरी बाजार रेलवे स्टेशन के समपार फाटक 145 का निरीक्षण किया। इस दौरान गेट मैन से संरक्षा के बारे में पूछताछ की और जवाब सही मिलने पर उसे 2 हजार रुपये, इसके आगे एक पुल के निरीक्षण के दौरान बेहतर रख-रखाव के लिए पुल निरीक्षक टीम को 15 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया। देवरिया में वीआईपी कक्ष में सुधार, उत्तर दिशा में टिकट काउंटर और पश्चिम की तरफ फुट ओवरब्रिज के निर्माण की बात कही। रेलवे कालोनी में सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वहीं व्यापार मंडल के सदस्यों ने उनसे मिलकर अपनी समस्याएं बताईं। साफ-सफाई से खुश महाप्रबंधक ने 20 हजार रुपये का सामूहिक पुरस्कार तथा स्वास्थ्य यूनिट को 5 हजार रुपए देने की घोषणा की।
देवरिया सदर एवं नूनखार स्टेशन के बीच एक समपार फाटक पर तैनात गेटमैन को संरक्षा की पूरी जानकारी होने पर दो हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया। भटनी स्टेशन पर रनिंग रूम में सोलर लाइट लगाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, गीजर तथा जनरेटर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रनिंग में संयुक्त रूप से गार्ड एवं ड्राइवर दोनों को एक साथ रहने की व्यवस्था की जाए। भटनी एवं भाटपार रानी के बीच हुए महाप्रबंधक ने 15 हजार रुपए का सामूहिक पुरस्कार देने की घोषणा की।
जीरादेई स्टेशन, एकमा स्टेशन और छपरा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार का निर्देश दिया। यहां विधायक सीएन गुप्ता ने उन्हें क्षेत्रीय जनता की समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान वाराणसी मंडल के डीआरएम एसके कश्यप, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एपी सिंह, सीपीआरओ संजय यादव आदि मौजूद थे।