प्रदेश कैबिनेट की ओर से नगर निगम गोरखपुर के सीमा विस्तार को स्वीकृति देने के साथ ही 31 गांवों में विकास की नई राह खुल गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद ये गांव नगर निगम का हिस्सा बन जाएंगे। फिर सरकार की विभिन्न योजनाओं से इन इलाकों की सुविधाएं मिल सकेंगी। सीमा विस्तार के बाद नगर निगम के वार्डों की संख्या 70 से बढ़कर 90 हो सकती है।
ये गांव होंगे नगर निगम में शामिल
सिक्टौर तप्पा हवेली, रानीडीहा, खोराबार उर्फ सूबा बाजार, जंगल सिकरी उर्फ खोराबार, भरवलिया बुजुर्ग, कजाकपुर, बड़गो, मनहट, गायघाट बुजुर्ग, पथरा, बाघरानी, गायघाट खुर्द, सेमरा देवी प्रसाद, गुलरिहा, मुंडिला उर्फ मुंडेरा, मिर्जापुर तप्पा खुटहन, करमहा उर्फ कम्हरिया, जंगल तिकोनिया नंबर-1, जंगल बहादुर अली, नुरुद्दीन चक, चकरा दोयम, रामपुर तप्पा हवेली, सेंदुली बिंदुली, कठवतिया उर्फ कठउर, पिपरा तप्पा हवेली, झरवा, हरसेवकपुर नंबर दो, लक्ष्मीपुर तप्पा कस्बा, उमरपुर तप्पा खुटहन, जंगल हकीम नंबर-2।
करीब 65 वर्ग किलोमीटर बढ़ जाएगा नगर निगम का दायरा
विस्तार के बाद नगर निगम का दायरा भी तकरीबन 65 वर्ग किलोमीटर बढ़ जाएगा। अभी नगर निगम का दायरा 147 वर्ग किमी में है, विस्तार के बाद यह 210 वर्ग किमी हो जाएगा। मतदाताओं की संख्या भी बढ़ जाएगी। अभी नगर निगम के मतदाताओं की संख्या करीब नौ लाख है, यह संख्या बढ़कर 15 लाख हो जाएगी। नए विस्तार में दो से तीन गांव या मोहल्ले मिलकर एक वार्ड बनाया जाएगा। ऐसे में वार्डों की संख्या बढ़कर 90 हो जाने की उम्मीद है। अभी शहर में 70 निर्वाचित और 10 मनोनीत पार्षद हैं। विस्तार के बाद 90 निर्वाचित और मनोनीत पार्षदों की संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी।