ईंट से सिर कूंचकर युवक की हत्या
गोरखपुर। कोतवाली इलाके के दीवान बाजार स्थित न्यू कॉलोनी पार्क में बृहस्पतिवार की रात बदमाशों ने एक युवक का सिर ईंट से कूंचकर उसकी हत्या कर दी। बदमाशों ने चेहरे को इस कदर विकृत कर दिया कि उसकी पहचान न हो सके। काफी कोशिशों के बाद भी पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर सकी। पुलिस पास लगे सीसी टीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक कुछ सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर तहकीकात की जा रही है। पुलिस को शक है कि हत्या की वजह आशनाई हो सकती है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
शुक्रवार की सुबह मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने युवक का शव पाए जाने की सूचना पुलिस को दी। मृत युवक की उम्र करीब 25-26 साल लग रही थी। उसके शरीर पर पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर था। शव के पास से पुलिस ने एक जोड़ी चप्पल, पानी के दो पाउच, नमकीन का पैकेट भी बरामद किया है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ, सीओ कोतवाली बीपी सिंह खोजी कुत्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से पहचान करने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने थोड़ी दूरी पर लगे सीसी टीवी कैमरे को अपने कब्जे में लिया। पता चला कि कैमरे में रिकार्डिंग की सुविधा नहीं है। पुलिस डीबीआर को कब्जे में लेकर जांच कर रही है।
एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि घटनास्थल के करीब कोई सीसी टीवी कैमरा नहीं है। हालांकि थोड़ी दूरी पर एक कैमरा मिला है, जिसके फुटेज को देखा जा रहा है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।