शुक्रवार की सुबह से देर रात तक शहर में जाम लगा रहा। शहर में एंट्री करने के सभी चौराहों पर पुलिस जाम से निपटने के लिए जूझती नजर आई। बाजार में भीड़ उमड़ने के बाद एसएसपी ने फोर्स के साथ घंटाघर, रेती रोड पर गश्त की। रूट डायवर्जन का पालन कराने के लिए सभी चौराहे पर सुबह दस बजे से ही सिपाही मुस्तैद रहे।
धनतेरस के कारण सुबह से ही शहर में गाड़ियों से लोगाें का आवागमन शुरू हो गया। सुबह 11 बजे मोहद्दीपुर, पैड़लेगंज, छात्रसंघ के साथ ही यूनिवर्सिटी, गोलघर, शास्त्री चौक और घोष कंपनी पर जाम लग गया। जिन स्थानों पर रूट डायवर्जन किया गया था वहां पूरे दिन वाहनों की कतार लगी रही। डायवर्जन के बाद भी गाड़ी के साथ बाजार में जाने की कोशिश में कई लोगों का पुलिसकर्मियों से विवाद हुआ। एसएसपी की सख्ती के कारण किसी को छूट नहीं दी गई।
शाम छह बजे से घंटाघर, रेती के साथ ही गोलघर में स्थित सर्राफा की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। थानेदार, चौकी प्रभारी के साथ सीओ निगरानी में लगे रहे। रात आठ बजे एसएसपी रामलाल वर्मा, एसपी (सिटी) हेमराज मीणा ने घंटाघर में गश्त कर स्थिति का जायजा लिया। कई प्रमुख चौराहों पर संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी भी कैमरे लगाए थे।