कोहरे का असर बढ़ते ही ट्रेनों की रफ्तार थमने लगी है। गोरखपुर होकर गुजरने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही तीन से पांच घंटे की देरी से चलीं। रविवार को मुजफ्फरपुर जाने वाली देहरादून एक्सप्रेस 12 घंटे की देरी से सुबह की बजाय शाम को पहुंची। वहीं लालगढ़ से चलने वाली अवध असम एक्सप्रेस निरस्त कर दी गई। ठंड में ट्रेनों का इंतजार करना यात्रियों को भारी पड़ रहा है। महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
ट्रेनों की देरी के कारण बरौनी से चलने वाली मोरध्वज एक्सप्रेस को री-शेड्यूल कर 3:45 घंटे की देरी से चलाया गया। इसके अलावा नई दिल्ली से नई दिल्ली-न्यू जलपाईगुड़ी 5:55 घंटे, गरीब रथ एक घंटे और अवध एक्सप्रेस 3:30 घंटे की देरी से चली। ये ट्रेनें प्रारंभिक स्टेशन से ही देर से चलने के कारण विलंब होती गईं। ट्रेनों का लोकेशन जानने के लिए यात्री परेशान रहे। पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की भीड़ जुटी रही।
देर से चलने वाली ट्रेनें (घंटे में)
ट्रेनें विलंब
देहरादून एक्सप्रेस (15002) 12:00
गोरखधाम एक्सप्रेस (12556) 2:30
वैशाली एक्सप्रेस (12554) 2:20
अवध असम एक्सप्रेस (15909) 3:02
सप्तक्रांति एक्सप्रेस (15909) 2:30
कृषक एक्सप्रेस (15008) 3:05
मोरध्वज एक्सप्रेस (12491) 3:45
अवध एक्सप्रेस (19040) 3:30