पोस्टर जारी कर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया।
- फोटो : Amar Ujala
कांग्रेस ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को बेस्ट जुमलेबाज बताया है। जिला कांग्रेस के नेताओं ने इस तरह के पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और मोदी सरकार से वादा निभाने की मांग की।
रविवार को कांग्रेस जिला महासचिव अनवर हुसैन के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने सबसे पहले कश्मीर में मारे गए मेजर और जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपना वादा निभाने में विफ ल रहे हैं। चुनाव प्रचार दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री बनते ही पाकिस्तान के टुकड़े कर देने, हमारे एक जवान को मारने पर पाकिस्तान के दस जवानों को मारने, हर भारतीय के खाते में 15 लाख रुपये देने, बेरोजगारों को रोजगार देने समेत कई वादे किए थे। लेकिन जम्मू कश्मीर में जवान लगातार मारे जा रहे हैं और सरकार चुप्पी साधे हुए है। इसके अलावा देश में भुखमरी, बेरोजगारी बढ़ रही है।
अनवर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह केवल जुमलेबाजी करते हैं। इसलिए हमलोगों ने जनता की ओर से इस साल का बेस्ट जुमलेबाजी का अवार्ड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देने का फैसला लिया है। इस मौके पर सोनू कुमार, विजय गुप्ता, अयूब अली, दुर्गेश गुप्ता, मो. इमरान, मेराज अहमद, चंदन मद्धेशिया, सर्वेश गुप्ता, डा. आमीर, शहाबुद्दीन अंसारी आदि मौजूद रहे।