जेल बाईपास रोड जंगल मातादीन में जमा बरसात का पानी।
- फोटो : shivharsh
बारिश ने शहर के नालों की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। आधे घंटे की बारिश की वजह से शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। कुछ इलाकों में तो तीन चार घंटे तक पानी जमा रहा। जबकि इन इलाकों में अभी हाल में नाले नालियों की सफाई की गई।
जिला परिषद रोड, जुबिली कॉलेज रोड, असुरन, धर्मशाला ओवरब्रिज, चेतना तिराहा समेत शहर में कई जगह पानी जमा हो गया।
अंडरग्राउंड नाला जाम हो जाने की वजह से धर्मशाला पुल के नीचे तकरीबन दो घंटे तक पानी जमा रहा। महाराणा प्रताप इंटर कालेज मैदान में भी हुए जलभराव को नगर निगम की टीम ने पंप सेट लगवाकर दूर किया। मात्र आधे घंटे की बारिश में जल भराव की स्थिति हो जाने से सफाई व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
हालांकि नगर निगम के मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक पीएन गुप्ता ने कहा कि शहर के 230 नालों में अधिकांश नालों की सफाई का काम पूरा हो चुका है। जल्द ही बाकी का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। लोगों द्वारा नालों में कचरा डाल देने की वजह से यह दिक्कत आ रही है