छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media (File Photo)
क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की दोपहर स्नान करते समय बाथरूम में घुसकर अधेड़ ने किशोरी के साथ छेड़खानी की। उसने जब विरोध किया तो न सिर्फ उसकी पिटाई कर दी, बल्कि उठाकर पटक दिया जिससे किशोरी बेहोश हो गई। होश में आने पर उसने परिवारवालों से आपबीती बताई। यह आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी है। आरोपित अधेड़ स्कूल से ही किशोरी के पीछे लगा था।
ये भी पढ़ें- पति और तीन बच्चों को नशा देकर किया बेहोश, प्रेमी के साथ भागी
तहरीर के मुताबिक गांव की रहने वाली किशोरी (15) इलाके के ही एक स्कूल में दसवीं में पढ़ती है। वह बुधवार की दोपहर में स्कूल से लौटी। बैग कमरे में रखकर घर से सटे बाथरूम में नहाने चली गई। आरोप है कि इसी दौरान बगल के गांव में रहने वाला एक अधेड़, जो स्कूल से ही उसके पीछे लगा था, बाथरूम में घुस गया।
किशोरी ने जब शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और जोर-जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने किशोरी की पिटाई कर जमीन पर पटक दिया। इससे वह बेहोश हो गई। इसी बीच आवाज सुनकर बड़ी बहन वहां पहुंची तो आरोपी उसे धक्का देकर भाग गया।
पीड़ित परिवार के अनुसार जब वे उलाहना देने आरोपी के घर गए तो वे मारपीट पर उतारू हो गए। घटना के समय पीड़िता की मां बेटे के साथ रिश्तेदारी में गई थी। सूचना मिलने पर आनन-फानन में घर पहुंचने के बाद वह बेटी को लेकर थाने पहुंचीं।
आरोपित और पीड़िता दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं। इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश है। प्रभारी थानेदार मनोज यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।