स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है। लेकिन बर्डपुर क्षेत्र के कई मदरसे टीकाकरण में सहयोग नहीं कर रहे है। वही कुछ मदरसे चंद बच्चे को ही टीके लगवा रहे हैं।
बर्डपुर ब्लॉक क्षेत्र के मदरसा जामियातुल इस्लाम, गौरी बाजार, बर्डपुर एवं जियाउलूलूम बनगाई, बजहा बाजार पर जब स्वास्थ्य टीम मदरसे में अध्ययनरत बच्चों को टीका लगाने पहुंची तो वहां के जिम्मेदारों द्वारा इससे साफ मना कर दिया गया। सूचना पर स्थानीय प्रभारी चिकित्सधिकारी डॉ. सुबोध चंद्रा के साथ पहुंचे। उनके समझाने पर भी जिम्मेदार नहीं माने। मदरसा सिसहनिया में अध्ययनरत 237 बच्चों में से मात्र 33 व नेशनल पब्लिक स्कूल टीडिया में 144 बच्चों में से मात्र 26 बच्चों का ही टीकाकरण कराया गया।
डॉ सुबोध चंद्रा ने बताया कि पूरे ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों द्वारा खसरा व रुबेला जैसी बीमारी से बचाने के लिए बढ़ चढ़कर टीकाकरण कराया जा रहा है। लेकिन मदसरे में टीकाकरण से मना कर दिया जा रहा है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को पत्र लिखकर सूचित किया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी आशुतोष पांडेय ने बताया कि बर्डपुर क्षेत्र के कुछ मदरसों के जिम्मेदारों ने टीकाकरण से इनकार कर दिया है। वही, कुछ मदरसों में बहुत कम बच्चों को टीके लगवाए गए। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ऐसे मदरसों को पत्र जारी किया जाएगा। साथ ही टीकाकरण के लिए प्रेरित कर बच्चों को टीके लगवाए जाएंगे।