गोरखपुर। रसोई गैस की सब्सिडी लेने वाले उपभोक्ताओं के खातों को अब आधार कार्ड से जोड़ा जाएगा। इंडियन ऑयल ने इसकी शुरुआत भी कर दी है। इसके लिए 15 दिसंबर तक का समय दिया गया है।
जिले में करीब साढ़े चार लाख उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका कनेक्शन आधार से जोड़ा जाना है। ऐसे में एक महीने में साढ़े चार लाख खातों को आधार से जोड़ने की चुनौती एजेंसी संचालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है।
डीबीटीएल योजना शुरू करने के समय भी आधार कार्ड को अनिवार्य किया गया था। मगर फिर इसकी अनिवार्यता खत्म कर दी गई थी। अब एक बार फिर इसे लेकर ऑयल कंपनियों ने सख्ती शुरू कर दी है।
नए साल तक सभी के खाते आधार से जुड़ जाएं, इसके लिए मुहिम चलाने का आदेश दिया गया है। यदि किसी उपभोक्ता के पास आधार कार्ड नहीं है तो इसे बनवाने की जिम्मेदारी भी एजेंसी मालिक को ही दी गई है। एजेंसी मालिकों को कैंप लगवाकर आधार कार्ड बनवाना होगा।
इंडियन ऑयल के डिप्टी मैनेजर शिवेंद्र जायसवाल ने इसकी जानकारी एजेंसी मालिकों को दे दी है।
... ताकि ठंड में न हो गैस सिलिंडर की किल्लत
ठंड में गैस सिलिंडर की किल्लत न हो इसके लिए अभी से इंडियन ऑयल के अफसर तैयारी कर रहे हैं। एजेंसी मालिकों को कहा गया है कि वह पहले से बुक किए गए सिलिंडर की डिलिवरी जल्द कर दें और नए डिमांड बना लें। ताकि ठंड में उपभोक्ताओं को सिलिंडर के लिए परेशान न होना पड़े। ऑयल कंपनी के अफसरों का दावा है कि इस बार उपभोक्ताओं को सिलिंडर की परेशानी नहीं होगी। पर्याप्त सिलिंडर मंगाए जाएंगे।