महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल-पनियरा मार्ग पर बुधवार की रात में बाइक सवार तीन लुटेरों ने दुकान से घर लौट रहे एक शख्स की आंख में मिर्च पाउडर झोंककर बैग में रखे एक लाख 70 हजार रुपए लूट लिये। उसके बाद लुटेरों ने बाइक पर सवार होकर असलहा लहराते हुए घटनास्थल से फरार हो गए।
लोगों की मदद से पीड़ित दुकानदार को इलाज के लिए परतावल स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित को घर भेज दिया। वहीं दुकानदार से लूट की इस घटना से व्यापारी दहशत में हैं। गुरुवार की सुबह होते ही पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को लूट की घटना की लिखित सूचना देखर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुद्धिरामपुर निवासी इंतयाज खान (45) परतावल स्थित अपनी दुकान ग्लोबल टूर एंड ट्रेवल्स को बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह पनियरा-परतावल मार्ग के गांव तरकुलवा भटगावा के निकट एक पुलिया के पास पहुंचे ही थे कि पहले से वहां पर एक बाइक पर तीन लोग मौजूद थे। बाइक को रास्ते मे खड़ा कर लुटेरों ने दुकानदार को रोक लिया।
दुकानदार के रुकते ही लुटेरों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बैग छीन लिया। उसके बाद लुटेरों ने बैग को खंगालते हुए घटनास्थल पर अन्य कागजात को बिखेरते हुए उसमे रखा गया एक लाख 70 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। लुटेरों की इस घटना से क्षेत्र में दहशत है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार से शिकायती पत्र मिला है। अज्ञात लुटरों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।