जुलूस निकाल अधिवक्ताओं ने कमिश्नर-डीएम को घेरा
गोरखपुर। महीने के दूसरे और चौथे सोमवार को जिला मुख्यालय पर मुकदमों की सुनवाई करने की व्यवस्था खत्म होने से खफा अधिवक्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने एनआईसी बिल्डिंग से बाहर निकल रहे कमिश्नर जयंत नार्लीकर और डीएम के. विजयेंद्र पांडियन को घेर लिया। अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपते हुए पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग की। काफी देर की बहस के बाद कमिश्नर ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि गुरुवार को डीएम की मौजूदगी में बैठक कर इस समस्या का सुलझाएंगे। उधर, जिला अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ त्रिपाठी और महामंत्री रामशंकर राम त्रिपाठी का कहना है कि गुरुवार को मांगे नहीं पूरी हुई तो कार्य बहिष्कार आगे भी जारी रहेगा।
जिला मुख्यालय पर संबंधित एसडीएम के कोर्ट की व्यवस्था खत्म करने के डीएम के निर्णय पर 27 जून से अधिवक्ता कार्य बहिष्कार पर हैं। डीएम से लेकर किसी भी एडीएम के कोर्ट में के सों पर सुनवाई नहीं हो पा रही है। रोज सैकड़ों की संख्या में वादी परेशान है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले वादकारियों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। आने-जाने में वक्त तो बर्बाद हो ही रही रुपये का भी नुकसान हो रहा। उधर, अधिवक्ताओं के विरोध की वजह से रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामे भी ठप है जिससे रोजाना काफी राजस्व प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को एक-दो ही रजिस्ट्री हो पाई। बुधवार को भी 20-25 बैनामे ही हो पाए।