पांच शिक्षकों को आखिरी नोटिस, बर्खास्तगी तय
गोरखपुर। परिषदीय विद्यालयों में दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी हासिल करने के आरोपी पांच शिक्षकों को बेसिक शिक्षा विभाग ने अंतिम चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया है। 19 नवंबर तक इन सभी शिक्षकों को बीएसए दफ्तर पहुंचकर अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना है। अबकी बार सत्यापन से दूरी बनाने वाले शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
बेसिक शिक्षा विभाग को बेलघाट ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कन्हौली पर तैनात हरिहर प्रसाद यादव, ब्रह्मपुर के प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथपुर में तैनात अवध लाल पटेल, पॉली ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय गोविंदपुर के राजेश कुमार मिश्र, बांसगांव ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बेदौली बाबू पर तैनात मनोज कुमार के खिलाफ वास्तविक नाम छुपाकर काम करने, वहीं जंगल कौड़िया ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय कुशहरा पर तैनात शिखा रानी के इंटर का अंकपत्र अपुष्ट होने की शिकायत मिली है। जांच के दौरान विभाग ने सभी आरोपी शिक्षकों को सत्यापन के विभाग पर तलब किया। मगर कोई भी शिक्षक सत्यापन करने नहीं पहुंचा। आजिज आकर बीएसए दफ्तर ने इन्हें अंतिम चेतावनी जारी की है।
अब तक 40 पर कार्रवाई, कई रडार पर
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से अब तक 40 शिक्षकों को दूसरे के प्रमाणपत्रों के सहारे नौकरी हासिल करने के आरोप में बर्खास्त किया गया है। वहीं कई शिक्षक विभाग के रडार पर हैं, जिनके सत्यापन की प्रक्रिया अभी चल रही है। सूत्रों की मानें तो करीब 10 शिक्षकों के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई आखिरी चरण में हैं।