शिकायत पर की जांच में शिक्षामित्र से सहायक अध्यापक बनीं एक महिला शिक्षक के दस्तावेजों में गड़बड़ी पकड़ में आई है। महिला शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बीएसए ओपी यादव ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय डाडूपार में किरन यादव शिक्षामित्र थीं। उनका समायोजन सहायक अध्यापक के पद पर हुआ था। किरन ने शिक्षामित्र की नियुक्ति के दौरान इंटरमीडिएट के जो अंकपत्र लगाए थे उसमें 335 अंक हैं, जबकि सहायक अध्यापक के लिए लगाए अंकपत्र में 250 अंक है। शासन स्तर पर इसकी शिकायत की गई थी, जिसके आधार पर जांच में मामला पकड़ में आया। दोनों दस्तावेज में अलग अंक होने पर किरन यादव से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बीएसए ने बताया कि महिला शिक्षक का जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं खोराबार के एक प्राथमिक विद्यालय में भी इसी तरह के मामले की जांच शुरू कराई गई है।
उधर, बीएसए ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय गगहा के प्रधानाध्यापक सादिक अली का निलंबन वापस ले लिया है। अंतर्जनपदीय जांच टीम ने स्कूल में ड्रेस वितरण में धांधली की रिपोर्ट लगाया था जिस पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी लेकिन बाद में हुई जांच में पता चला कि जितने बच्चों को स्कूल ड्रेस दिया गया था खाते से रकम भी उतनी ही निकाली गई है।