कार पलटी, कोटेदार की मौत, तीन घायल
बस्ती के कलवारी-टांडा रोड पर हुआ हादसा, घायलों का बस्ती में चल रहा है इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
भवानीगंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव के कोटेदार की सड़क दुर्घटना में बुधवार की रात मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। बताया जाता है कि हादसा बस्ती जिले के कलवारी टांडा रोड पर हुआ है। घायलों का इलाज बस्ती अस्पताल में चल रहा है।
क्षेत्र के धौराहरा ग्राम निवासी व कोटेदार विजय लाल वर्मा (34) शादी में कार से टांडा जा रहे थे। उनके साथ चंद्रशेखर (36), राम (34) निवासी धनोरी और धीरज (37) निवासी अल्लेकुईया थे। बताया जा रहा है कि अभी वह कलवारी-टांडा रोड पर पहुंचे थे कि कार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस बीच मौके पर मौजूद लोग एंबुलेंस की मदद से लोगों को इलाज के लिए बस्ती जिला अस्पताल ले गए। जहां पर विजय की मौत हो गई। साथ ही अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि चंद्रशेखर का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया है। साथ ही धीरज के पैर व हाथ में काफी चोटें आई है। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, मौत की सूचना के बाद विजय के घर में कोहराम मच गया है। नौ साल की रिंकी, सात साल की मासूम बेटी रिया, पांच साल का बेटा आयुष और तीन साल की बेटी आरुषी का रो-रोकर बुरा हाल है। विजय अपने घर के इकलौते थे।