अक्सर सुर्खियों में रहने वाली जिला जेल में रविवार को ड्यूटी पर तैनात होमागार्ड की टिफिन से रोटी की जगह 20 पुड़िया गांजा पकड़ा गया। गेट के बंदी रक्षकों ने नियमित तलाशी के दौरान होमगार्ड शिवकुमार के हाथ में पकड़ी स्टील की टिफिन खोला तो सभी अवाक रह गए।
जेल वार्डेन विजय कुमार गौड़ ने जेलर सतीश चंद्र त्रिपाठी के हवाले से बताया कि गार्ड को हिरासत में लेकर होमगार्ड कमांडेंट को सौंप दिया गया है। उनके जरिए कोतवाली में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
जिला जेल के बैरक नंबर नौ/एबी की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड संख्या 513 शिवकुमार की ड्यूटी सुबह आठ बजे से अंदर बैरक संख्या नौ/एबी में थी। रविवार को वह निर्धारित समय से तकरीबन 43 मिनट देर पहुंचा।
कारागार का मुख्य दरवाजा पार करते ही ड्योढ़ी में जेल वार्डेन विजय कुमार गौड़ ने तलाशी ली तो खाने की टिफिन में 20 नग गांजे की पुड़िया बरामद हुई। पूछताछ में गार्ड ने बताया कि जेल के भीतर निरुद्ध बंदी रणजीत उर्फ लंबू ने उसे बाहर से गांजा मंगाने के लिए एक हजार रुपये दिए थे।