परशुराम पुर थानाक्षेत्र के सिकंदरपुर कस्बे के लवकुश रेस्टोरेंट के सामने रात 9 बजे थाने पर तैनात बीट दरोगा मोतीराम को बेकाबू ट्राली ने चपेट में ले लिया। गंभीर
रूप से घायल दरोगा को स्थानीय डॉक्टर ने तत्काल श्रीराम अस्पताल अयोध्या रेफर कर दिया। हादसा ट्रैक्टर ट्रॉली को जोड़ने वाले रॉड के टूटने से हुआ।
घटना के समय दरोगा गांव के चौकीदार से सड़क किनारे बात कर रहे थे। बताया जा रहा कि मखौड़ा की तरफ से तेज गति ट्रैक्टर ट्रॉली पास पहुंची थी कि रॉड टूट गया। ट्रैक्टर से अलग हुई ट्रॉली ने अनियंत्रित होकर दरोगा को चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने आनन फानन में दरोगा को निजी वाहन से श्रीराम हास्पिटल अयोध्या भेजा।
जबकि दरोगा के पास खड़ा कस्बे का चौकीदार मोलहू की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही चालक ट्राली छोड ट्रेक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर थानाध्यक्ष सदानंद सिहं भी मौके पर पहुंच गए। अयोध्या में दरोगा की हालत चिंताजनक बनी हुई है।