झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद 14 माह के मासूम की मौत हो गई। यह देखकर वहां मौजूद झोलाछाप के सहयोगी ने महिला के हाथ से पर्ची लेकर फाड़ दी। महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। घटना मंगलवार की है और पीड़ितों ने तहरीर बुधवार को दी।
डुमरियागंज के चैकनियां गांव निवासी विनोद कुमार मुंबई में रहकर कामकाज करते हैं। पत्नी पूजा अपनी दो बेटियों और इकलौते बेटे के साथ गांव में रहती हैं। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे 14 माह के बेटे बिपिन की तबीयत खराब हुई। वह बेटे को लेकर लेकर मोतीगंज चौराहे के एक झोलाछाप के पास पहुंचीं। यहां झोलाछाप ने एक इंजेक्शन लगाया।
आरोप है कि इसके बाद बिपिन के मुंह से झाग निकलने लगा। यह देख पूजा ने कारण कारण पूछा तो झोलाछाप ने दूसरा इंजेक्शन लगा दिया। पांच मिनट बाद ही बिपिन की सांसें बंद हो गईं। तभी झोलाछाप के एक सहयोगी ने पूजा से पर्ची छीनकर फाड़ दी। पूजा को बाहर निकालकर दोनों दवाखाना बंद कर भाग गए। पूजा बेटे का शव लेकर गांव पहुंचीं और रोते हुए घटना के बारे में बताया। गुस्साए लोगों ने पुलिस को और विनोद को मुंबई में सूचना दी।
बुधवार को पति विनोद घर पहुंचे। डुमरियागंज थाने के इंस्पेक्टर केडी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी झोलाछाप की तलाश की जा रही है। प्रभारी जिला चिकित्साधिकारी डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। साथ ही झोलाछापों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।