बड़हलगंज मुक्तिधाम पर मंगलवार को पहले पत्नी फिर पति की चिता जली। पत्नी की मौत के बाद पति मंगलवार को मुक्तिधाम दाह संस्कार करने पहुंचे थे, मुखाग्नि देते समय वहीं पर सदमे से उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके इकलौते बेटे ने दोनों का अंतिम संस्कार किया।
हाटा प्रतिनिधि के मुताबिक हटवा मंझरिया गांव के गणेश सिंह की पत्नी उर्मिला देवी कुछ दिनों से बीमार थीं। शहर के एक नर्सिंगहोम में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार शाम उनकी मौत हो गई। मंगलवार को बड़हलगंज के मुक्तिधाम पर सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। चिता सजा दी गई थी। गणेश सिंह शव की परिक्रमा कर आग लगाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसी दौरान उन्हें गहरा सदमा लगा और चिता के बगल में ही बेहोश होकर गिर गए। उन्हें बड़हलगंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद उनके इकलौते बेटे राजन सिंह ने एक ही जगह मां-बाप के शव का दाह संस्कार किया। दोनों की एक बेटी भी है, जिसकी शादी हो गई है।