फीता काटकर नवनिर्मित प्रधान कार्यालय भवन का उद्घाटन किया गया।
- फोटो : shivharsh
पूर्वांचल बैंक का मुख्यालय अब तारामंडल क्षेत्र में हो गया है। भारतीय स्टेट बैंक के उप प्रबंध निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी प्रशांत कुमार ने बैंक के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया।
सोमवार को उद्घाटन समारोह के बाद उन्होंने कहा कि बैंक जमा, ऋण, वसूली और बीमा के मदों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं और वर्तमान समय में बड़े व्यवसायिक बैंकों को भी चुनौती दे रहा है। इन उपलब्धियों के लिए मुझे भी गर्व है क्योंकि वो भी पांच साल तक इस बैंक के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने बैंक के अध्यक्ष एके सिन्हा के नेतृत्व में कार्यरत सभी कर्मियों की सराहना की।
इस मौके पर एसबीआई लखनऊ स्थित प्रधान कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक गौतम सेनगुप्ता ने कहा कि प्रायोजक बैंक के तौर पर यह स्टेट बैंक के लिए भी गर्व की बात है। इस मौके पर बैंक के अध्यक्ष एके सिन्हा ने बैंक की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस मौके पर नाबार्ड के महाप्रबंधक एके सिंह, पीके दत्ता, ओपी सिंह, विपुल कुमार अग्रवाल समेत अन्य मौजूद थे। इस मौके पर बैंक का विजन 10 भी जारी किया गया। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।