‘गुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होया’
गोरखपुर। ढ़ोल-नगाड़ों पर बज रही गुरुनानक की धुन जहां लोगों में भक्ति का संचार कर रही थी वहीं घोड़े पर और हाथों में तलवार लेकर निहंग शोभायात्रा की गरिमा बढ़ा रहे थे। पीछे नगर निगम के टैंकर से पल पल गिरते पानी के साथ ही पंजाबी समाज की महिलाएं गुरु ग्रंथ साहब की सवारी के लिए जहां सड़क पर झाड़ू लगा रही थीं तो दूसरी ओर फूल बरसाए जा रहे थे।
उनके पीछे महिलाओं का जत्था गुरुबानी गाते हुए नानक के प्रति श्रद्धा को दर्शा रहा था। ‘जो बोले सो निहाल’, ‘धन गुरुनानक’, ‘एक ओंकार’ सरीखे रह रहकर लगते जयकारे पूरे माहौल में भक्ति की मिठास घोल रहे थे। मौका था गुरुनानक देव के 550वें प्रकाशपर्व पर जटाशंकर गुरुद्वारा की ओर से आयोजित शोभायात्रा का। जटाशंकर गुरुद्वारा से शोभायात्रा शुरू होकर अलीनगर, बक्शीपुर, नखास, रेती चौक, घोष कंपनी, मियां बाजार, टाउनहाल से गोलघर, धर्मशाला चौक होते दोबारा गुरुद्वारा जटाशंकर में आकर खत्म हुई। वहां भव्य आरती व अरदास के बाद सभी नानक प्रेमियों ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
सोमवार को कार्यक्र्रम की शुरुआत गुरुद्वारा साहिब के दीवान हाल में हजूरी रागी जत्था की ओर से गुरुवाणी कीर्तन से हुई। अरदास और गुरु के हुकमनामे के बाद शोभायात्रा निकाली गई। पूरी शोभायात्रा के दौरान नानकबानी की गूंज से शहर गुंजायमान हो उठा।
इस दौरान नानक प्रेमियों ने शहर को प्रकाशपर्व की बधाई दी और बुधवार को आयोजित होने वाले मुख्य पर्व का निमंत्रण दिया। गुरुद्वारा जटाशंकर के अध्यक्ष जसपाल सिंह, महामंत्री कुलदीप सिंह अरोड़ा ने समस्त श्रद्धालुओं के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर राजिंदर सिंह, अशोक मल्होत्रा, गगन सहगल, धर्मपाल सिंह राजू, चरनप्रीत सिंह मोंटू, हेमंत चोपड़ा, मनप्रीत सिंह उप्पल, रघुबीर सिंह, हरप्रीत सिंह साहनी, राजू उप्पल, निरंजन सिंह, डॉ. दीपक सिंह, मनोज आनंद, प्रिंस सिंह, नीतू उप्पल, रघुबीर सिंह, सुमित साहनी, मनजीत सिंह भाटिया आदि मौजूद रहे।
धूमधाम से मनाया जाएगा प्रकाशपर्व
प्रकाशपर्व के अंतर्गत पूरे दिन शबद कीर्तन और लंगर का आयोजन जटाशंकर गुरुद्वारा में होगा। वहीं शाम आठ बजे पूरे दुनिया के पंजाबी समाज के लोग एक साथ हवा में एयरबैलुन को उड़ाकर गुरुनानक देव के संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं।
शोभायात्रा का मुस्लिम भाइयों ने किया स्वागत
गुरुनानक देव की शोभायात्रा घोष कंपनी चौराहे पर मुस्लिम भाईयों की ओर से खैरमकदम किया गया। इस मौके पर इमरान अहमद, हाफिज नूर, मोहम्मद वारसी, मो. हबीब, अब्दुल हमीद, अल्ताफ आलम, शीबू आलम, मो. इरफान, राहत खान आदि लोग मौजूद रहे।