बहादुर यादव पीजी कॉलेज बना ओवरऑल चैंपियन
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों की एथलीट मीट में बहादुर यादव पीजी कॉलेज भटनी ओवरऑल चैंपियन बना है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बहादुर कॉलेज के विद्यार्थियों ने दमखम दिखाते हुए 192 अंक पाकर पहला स्थान हासिल किया। वहीं बहादुर यादव कॉलेज के अजय यादव और गुरुकुल पीजी कॉलेज बड़हलगंज की मधु वर्मा सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुनी गईं।
बुधवार को पुरुष वर्ग के हैमर थ्रो में बहादुर यादव पीजी कॉलेज के मंजीत सिरोही, अखिल भाग्य पीजी कॉलेज के गोविंद कुमार और गुरुकुल पीजी कॉलेज के आदर्श अव्वल रहे। हॉफ मैराथन में बहादुर यादव पीजी कॉलेज के जितेंद्र राजभर, मनोज यादव, गुरुकुल पीजी कॉलेज के परमात्मा पाठक क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 400 मीटर हर्डल में गुरुकुल के सुनील प्रथम, सरस्वती देवी कॉलेज नंदापार के आकाश द्वितीय, बहादुर यादव के प्रशांत पासवान तृतीय स्थान पर काबिज हुए।
तीन हजार सिटिपल चेस में बहादुर यादव कॉलेज के अविनाश मद्देशिया, गुरुकुल के अभिषेक कुमार, बहादुर यादव के दुर्गेश सोनकर ने क्रमवार पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
चार गुना 100 मीटर में गुरुकुल कॉलेज पहला स्थान पर रहा। बहादुर यादव पीजी कॉलेज दूसरे, सरस्वती देवी नंदापार तीसरे स्थान पर रहा। 100 मीटर में गुरुकुल पीजी कॉलेज के गुरमीत प्रथम, निशांत सैनी द्वितीय, विवि के सनी पासवान तृतीय स्थान पर रहे।
400 मीटर में बहादुर यादव पहले, गुरुकुल पीजी दूसरे और अखिल भाग्य पीजी कॉलेज रानापार तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में हैमर थ्रो में गुरुकुल पीजी कॉलेज की मधु वर्मा प्रथम, डीवीएन डिग्री कॉलेज की सुष्मिता त्रिपाठी द्वितीय, एसबीडीएम कॉलेज गौरीबाजार की पल्लवी शर्मा तृतीय, हॉफ मैराथन में वीर बहादुर पीजी कॉलेज की हेमलता शर्मा, बहादुर यादव पीजी की निधि रावत द्वितीय, केडीआरटीपीजी कॉलेज की नेहा प्रजापति तृतीय तथा 400 मीटर हर्डल में बहादुर यादव मेमोरियल की शिवांगी सिंह पहले, एसबीएम पीजी की रोशनी चौहान दूसरे, विवि की शिवांगी सिंह तीसरे, 100 मीटर में बहादुर यादव की जोशिका पाल प्रथम, गुरुकुल पीजी कॉलेज की टीना द्वितीय, बहादुर यादव पीजी कॉलेज शिवानी तृतीय स्थान पर रहे।
लक्ष्य हासिल करने तक करते रहें प्रयास - सुमंगला
गोरखपुर। समापन समारोह की मुख्य अतिथि पूर्व ओलंपियन सुमंगला शर्मा ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कहा कि सफलता के लिए कोई शार्टकट नहीं होता। इसके लिए स्वामी विवेकानंद के विचार को मंत्र बनाना होगा कि, ‘उठो जागो और तब तक मत रूको जब तक लक्ष्य न प्राप्त हो’।
दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डॉ. विभ्राट चंद कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय की ग्रामीण प्रतिभाओं को सरकार से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। कुलपति प्रो. वीके सिंह ने प्रतिभागियों को निरंतर प्रयत्नशील रहने को कहा। अतिथियों का स्वागत क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. हिमांशु चतुर्वेदी ने किया। इस अवसर पर सचिव डॉ. राजवीर सिंह, प्रो. सुषमा पांडेय, शिखा सिंह, डॉ. विजय चाहल, प्रो. विनोद कुमार सिंह, डॉ. सुधीर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।