गोरखपुर विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में नकल नहीं रुक पा रहा है। सोमवार को तो विश्वविद्यालय के सचल दस्तों के सामने ऐसा नजारा आया कि सभी हतप्रभ रह गए। दस्ते की आने की सूचना के बाद केंद्र के कर्मचारी बोरों में भरकर नकल सामग्री लेकर भागने लगे। हालांकि बाद में उन्हें पकड़ लिया गया। दस्ते ने विश्वविद्यालय को इसकी रिपोर्ट कर दी है।
गोरखपुर विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने के सभी प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। सोमवार को शाम की पाली में देवरिया उत्तरी क्षेत्र में जब सचल दस्ता पहुंचा तो हड़कंप ऐसा मचा कि केंद्र के चार कर्मचारी नकल सामग्री भरा बोरा लेकर खेतों में भागने लगे। केंद्राध्यक्ष ने गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफीनामा दिया है।
केंद्र के खिलाफ विश्वविद्यालय को रिपोर्ट भेज दी गई है। वहीं उड़ाका दल ने कुशीनगर में 12 परीक्षार्थी को अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए पकड़ा। देवरिया जिले में पांच तथा कुशीनगर में दो कॉलेजों में सामूहिक नकल की रिपोर्ट उड़ाका दलों ने की है।े